Northern Cyprus Ferry Accident | Kyrenia to Tasucu Passenger Rescue
23 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
उत्तरी साइप्रस से कुछ किमी चलने के बाद रविवार को यह फेरी पलटी। यह तुर्किये की तरफ जा रही थी।
मेडिटेरियन सी में यूरोपीय देश साइप्रस के उत्तरी तट के पास रविवार को 270 से ज्यादा यात्रियों को ले जा रही फेरी बोट पलट गई।
तुर्किये के सरकारी TRT न्यूज चैनल के मुताबिक, फेरी में तट से कुछ किलोमीटर दूर पहुंचने के बाद पानी भरने लगा, जिसके बाद यह हादसा हुआ। हालांकि, अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
उत्तरी साइप्रस के परिवहन मंत्री एरहान एरिकली ने TRT को बताया कि राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच चुके हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कई यात्री पलटे हुए जहाज पर फंसे हैं और बचाव का इंतजार कर रहे हैं।
हादसे से जुड़ी तस्वीरें…
मौके पर कोस्ट गार्ड की नावें, नागरिक जहाज और निजी कंपनियों के जहाज बचाव अभियान में जुटे हैं। तट पर एंबुलेंस भी तैयार रखी गई हैं।
तुर्किये की ओर जा रही थी फेरी
कैटामरैन शैली की यह फेरी मर्सिन प्रांत के तुर्किये पोर्ट तासुकु जा रही थी। यह उत्तरी साइप्रस के काइरेनिया पोर्ट से रवाना हुई थी।
कैटामरैन एक खास तरह की नाव या फेरी होती है। इसकी सबसे बड़ी पहचान यह है कि इसमें नीचे दो समानांतर हिस्से (हुल) होते हैं। यही डिजाइन इसे पानी में ज्यादा स्थिर रखने में मदद करता है।
लेकिन यह पूरी तरह पलटने के खतरे से सुरक्षित नहीं होता। बहुत खराब मौसम, तेज हवाओं और ऊंची लहरों में गलत तरीके से चलाने पर इसके पलटने का खतरा हो सकता है। जरूरत से ज्यादा यात्रियों या सामान का भार भी जोखिम बढ़ा सकता है।
सबसे बड़ी मुश्किल यह है कि अगर कैटामरैन पलट जाए, तो उसे दोबारा सीधा करना सामान्य जहाज की तुलना में ज्यादा मुश्किल हो सकता है।
मेडिटेरियन में नाव पलटने की घटनाएं आम
- मेडिटेरियन सी में नाव पलटने की घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन साइप्रस के पास बड़ी पैसेंजर फेरी का पलटना आम बात नहीं है।
- मेडिटेरियन दुनिया के उन समुद्री इलाकों में है जहां खासकर माइग्रेंट्स की छोटी और ओवरलोडेड नावें अक्सर हादसे का शिकार होती हैं।
- साइप्रस के आसपास भी ऐसे हादसे हुए हैं। मार्च 2025 में केप ग्रेको के पास एक माइग्रेंट बोट पलटी थी, जिसमें 7 लोगों की मौत हुई थी।
- लेकिन आज जैसा मामला, जिसमें करीब 270 लोगों वाली पैसेंजर फेरी पलट गई, काफी असामान्य और गंभीर समुद्री हादसा है।
————–
यह खबर भी पढ़ें…
नेपाल बाढ़ में मौत को मात देने की 3 कहानियां:टी-ब्रेक ने भारतीयों को बचाया, शिक्षक की समझदारी से बची 1600 बच्चों की जान
नेपाल में 26 अगस्त को आई बाढ़ ने करीब 788 लोगों की जान ले ली, जबकि 2,500 लोग अब भी लापता हैं। बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई और कई परिवार बिछड़ गए।
इस दर्दनाक मंजर के बीच कुछ लोगों के बचने की कहानियां भी सामने आई हैं। किसी की जान चाय के लिए रुके रहने से बची, तो किसी ने सैकड़ों बच्चों को सुरक्षित निकाला। पढ़िए, नेपाल बाढ़ में मौत को मात देने वाली ऐसी ही 3 कहानियां…

