झारखंड में आज भी झमाझम बारिश:गढ़वा, पलामू सहित 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 3 से 6 सितंबर तक सामान्य होगा मौसम




बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और उससे सटे पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र झारखंड की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से आज रांची समेत राज्य के लगभग सभी स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने इन सात जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं रांची, खूंटी, चतरा और सरायकेला-खरसावां में यलो अलर्ट है। इन जिलों में गर्जन और वज्रपात के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। मौसम की तीन तस्वीरें देखें… दिनभर रुक-रुक कर होती रही बारिश सोमवार को राजधानी रांची में दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। करीब 13 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, 2 सितंबर को सिस्टम का असर मुख्य रूप से राज्य के पश्चिमी जिलों में रहेगा। दरअसल, बंगाल की खाड़ी, गंगा के पश्चिमी बंगाल क्षेत्र और उत्तरी तटीय ओडिशा के ऊपर बने निम्न दबाव, सक्रिय मानसूनी गर्त और चक्रवाती परिसंचरण के कारण झारखंड में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी की आपूर्ति होने से वातावरण में पर्याप्त नमी बनी हुई है। इसी वजह से राज्य में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। आगामी दिनों में भी इसके बने रहने की संभावना है। कहां कितनी हुई बारिश सोमवार को रांची के अलावा राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। बोकारो में 40 मिमी, लोहरदगा में 41 मिमी, जमशेदपुर में 39 मिमी और चाईबासा में 29.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 171 मिमी बारिश लातेहार के महुआडांड़ में दर्ज की गयी। पूर्वी सिंहभूम के डुमरिया में 112.2, मझगांव में 95.4, चाकुलिया में 92.4 और मुसाबनी में 80.2 मिमी बारिश हुई। 2 से 6 सितंबर तक ऐसा रहेगा मौसम 2 सितंबर को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में यलो अलर्ट रहेगा। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 3 सितंबर को राज्य में कहीं-कहीं मेघ गर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। 4 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे और राजधानी समेत कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 5 और 6 सितंबर को भी आंशिक बादल छाए रहने तथा कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश का अनुमान है। इसके बाद मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने की संभावना है। राज्य में बारिश की स्थिति हुई बेहतर मानसून की मौजूदा सक्रियता के बीच रांची जिले में बारिश की स्थिति बेहतर बनी हुई है। सामान्य से अधिक बारिश वाले जिलों में रांची, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा शामिल हैं। दूसरी ओर बोकारो में सामान्य से 52 प्रतिशत, देवघर व कोडरमा में 41 प्रतिशत, गढ़वा में 39 प्रतिशत, चतरा में 37 प्रतिशत और गिरिडीह में 35 प्रतिशत बारिश की कमी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!