मंडी में दिव्यांग बच्चों से मारपीट पर मंडी में प्रदर्शन:शहर में कई जगह जताया विरोध; SP से निष्पक्ष जांच की मांग
दो दिव्यांग नाबालिग बच्चों से मारपीट, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में सोमवार को मंडी शहर में धरना-प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारियों ने पड्डल मैदान से विरोध रैली निकाली और शहर के अलग-अलग हिस्सों से होते हुए प्रशासन के सामने अपना विरोध जताया। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक मंडी को ज्ञापन सौंपकर मामले में तुरंत कार्रवाई की मांग की। पीड़ित परिवार ने ज्ञापन में बताया है कि 17 जुलाई 2026 को दो दिव्यांग नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट की गई थी। आरोप है कि बच्चों को एक कमरे में बंद कर पीटा गया और जातिसूचक शब्द कहे गए। जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगे हैं। ज्ञापन में घटना का वीडियो बनाने और उसे फैलाने की बात भी बताई गई है। कहा- पीड़ित परिवार में नाराजगी और डर ज्ञापन में कहा गया कि इस घटना को लेकर 22 जुलाई को पुलिस को लिखित शिकायत दी गई थी। लेकिन, अभी तक FIR दर्ज नहीं हुई है, जिससे पीड़ित परिवार में नाराजगी और डर है। इसमें एक बच्चे की आंख में गंभीर चोट लगने और इलाज के लिए उसे पीजीआई चंडीगढ़ भेजे जाने की बात भी कही गई है। FIR दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग पीड़ित बच्चों के पिता सुंदर सिंह ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन को तुरंत FIR दर्ज कर निष्पक्ष और तय समय में जांच करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि पीड़ित बच्चों और परिवार को सुरक्षा दी जाए। साथ ही घटना से जुड़े वीडियो, मोबाइल फोन, सीसीटीवी और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सबूतों को सुरक्षित रखा जाए। मामले में शामिल लोगों की जांच हो प्रदर्शनकारियों ने आरोपों में जातीय उत्पीड़न और दिव्यांग होने के कारण भेदभाव के पहलू की भी निष्पक्ष जांच की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि मामले में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच हो और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के हिसाब से कार्रवाई की जाए। सुंदर सिंह ने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई कर उन्हें न्याय दिलाया जाए।
Source link

