चतरा विधायक के बेटे को पुलिस ने किया बरामद:एमिटी यूनिवर्सिटी के पास से अपहरण करने का आरोप, स्कॉर्पियो से ले गए थे बदमाश




चतरा के लोजपा विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। उनसे पुलिस विधानसभा थाना में पूछताछ कर रही है। दरअसल, पुलिस को सोमवार शाम रांची स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट से सौरभ के अपहरण होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने कुछ ही घंटों में उन्हें सकुशल बरामद कर लिया। नशे में सौरभ और दूसरे ग्रुप के बीच बहस और गाली-गलौज हुई: सिटी एसपी विधायक जनार्दन पासवान के बेटे के कथित अपहरण के मामले में एसपी सिटी पारस राणा ने बताया, “अब तक जो तथ्य सामने आए हैं, उनके अनुसार चतरा से विधायक ने पुलिस को फोन करके अपने बेटे के अपहरण की सूचना दी थी। हालांकि, पुलिस के मौके पर पहुंचकर तथ्यों की जांच करने पर पता चला कि एमिटी विश्वविद्यालय के गेट के बाहर छात्रों के दो समूहों के बीच विवाद हुआ था। सौरभ नामक छात्र का ग्रुप अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। उसके एक दोस्त ने विश्वविद्यालय के एक अन्य छात्र को बुलाया, जिसके बाद शराब के नशे में उनके बीच बहस और गाली-गलौज हुई। इसके बाद, दूसरे ग्रुप के कुछ लोग वहां आ गए और फिर बहस हुई, जिसके बाद हाथापाई हुई। लड़ाई के दौरान एक वाहन का शीशा तोड़ने का प्रयास किया गया। सौरभ पर हमला किया गया। उसे वाहन में बिठाकर आसपास के इलाके में घुमाया गया और मारपीट के बाद विधानसभा के पास छोड़ दिया गया। एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस ने दूसरे ग्रुप के लड़कों की पहचान कर ली है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पूरी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी। हालांकि, प्रथम दृष्टया, यह मामला मुख्य रूप से मारपीट और उसके बाद उत्पन्न हुई परिस्थितियों से संबंधित प्रतीत होता है। क्या था मामला चतरा विधायक जनार्दन पासवान के अनुसार, सोमवार को सौरभ छुट्‌टी होने पर यूनिवर्सिटी से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो से आए बदमाशों ने यूनिवर्सिटी के गेट पर उनके साथ मारपीट की और स्कॉर्पियो में उन्हें जबरन उठा कर ले गए। घटनास्थल पर ही उनकी थार गाड़ी को बदमाशों ने छोड़ दिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। भाजपा ने दी आंदोलन की चेतावनी इधर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने अपने X हेंडल पर लिखा- कुछ देर पहले चतरा के विधायक जनार्दन पासवान द्वारा सूचना मिली है कि उनके पुत्र का रांची के एमिटी यूनिवर्सिटी गेट से अपहरण हो गया है, जिससे साफ प्रमाणित होता है कि राज्य में विधि व्यवस्था चौपट है। अगर पुलिस प्रशासन अविलंब जनार्दन जी के पुत्र को सकुशल बरामद नहीं करती है तो भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतकर आंदोलन करने का काम करेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!