Dhanbad Bus Accident | Maharani Bus Overturns On NH-19 Near Kalyanpur
धनबाद1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर में शनिवार तड़के NH-19 पर यात्रियों से भरी महारानी बस पलट गई। बस बिहार के गया से कोलकाता जा रही थी। हादसे के वक्त बस में 20 से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना में तीन महिलाओं और पांच पुरुषों समेत कुल आठ यात्री घायल हो गए।
इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच भेजा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना में तीन महिलाओं और पांच पुरुषों समेत कुल आठ यात्री घायल हो गए।
ओवरटेक करने की कोशिश में हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस तेज रफ्तार में कोलकाता की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने आगे चल रहे एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की। ओवरटेक करते समय बस सड़क के बीच बने तार वाले डिवाइडर पर चढ़ गई। इसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस बीच सड़क पर पलट गई।
बस में सवार घायल यात्री बलिराम सिंह ने बताया कि सभी यात्री खाना खाने के बाद बस में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज आवाज हुई और बस पलट गई। कुछ देर तक किसी को कुछ समझ नहीं आया। हादसे में कई यात्रियों के पैर, हाथ और सिर में चोटें आई हैं। चार यात्रियों की स्थिति गंभीर बताई गई है।
हादसे के बाद यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसी दौरान बस चालक मौके से फरार हो गया।
चालक मौके से फरार; बाकी यात्रियों को दूसरे वाहन से भेजा
हादसे के बाद यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसी दौरान बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। जिन यात्रियों को चोट नहीं लगी थी, उन्हें दूसरे वाहन से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ओवरटेक के दौरान बस के डिवाइडर पर चढ़ने को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस चालक की तलाश और दुर्घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

