Canada Plane Crash | Indian Students Death During Flight Training


2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

कनाडा में प्लेन क्रैश की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल है।

कनाडा में 18 सितंबर को एक प्लेन क्रैश में 2 भारतीय छात्रों की मौत हो गई। इसकी जानकारी भारतीय दूतावास ने सोमवार को दी। यह हादसा फ्लाइट ट्रेनिंग के दौरान हुआ।

इससे पहले कनाडाई न्यूज चैनल CBC ने शनिवार को इस घटना की रिपोर्टिंग की थी। इसमें बताया गया था कि सस्केचेवान प्रांत में एक विमान हादसा हुआ है, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई।

रिपोर्ट के मुताबिक, जब विमान समय पर लैंड नहीं हुआ तो सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। इसके बाद करीब 8 घंटे बाद विमान का मलबा मिला।

कनाडा में प्लेन क्रैश में जान गंवाने वाले भारतीय छात्रों की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई है।

छात्रों ने किराए पर कमर्शियल प्लेन लिया था

हादसे में जान गंवाने वाले दोनों भारतीय छात्रों की पहचान मनोज शिवकुमार और श्रीसरण थिरुगनानासंबंथन के रूप में हुई है।

दोनों के पास पायलट लाइसेंस था और वे कमर्शियल पायलट लाइसेंस के लिए जरूरी उड़ान घंटे पूरे कर रहे थे। कनाडा में कमर्शियल पायलट लाइसेंस के लिए 200 घंटे की उड़ान पूरी करनी होती है।

इन छात्रों ने विमान किराए पर लिया था। विमान रेजिना रवाना हुआ था और उसे सुबह 10:30 बजे स्टाइनबाक पहुंचना था। जब विमान वहां नहीं पहुंचा तो कनाडा के ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड को इसकी जानकारी दी गई।

विमान के समय पर नहीं पहुंचने पर रेस्क्यू शुरू हुआ

विमान के तय समय पर नहीं पहुंचने के बाद उसकी तलाश शुरू की गई। फ्लाइट स्कूल ने सर्च और रेस्क्यू टीमों को इसकी जानकारी दी। करीब शाम 6 बजे CDT टीमों ने विमान का मलबा ढूंढ लिया। विमान में सवार दोनों लोग मौके पर मृत मिले।

ज्वाइंट रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर (JRCC) की पब्लिक अफेयर्स के अधिकारी लेफ्टिनेंट जो हॉलैंडर ने बताया कि JRCC ने सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन का नेतृत्व किया।

उन्होंने बताया कि विमान के क्रैश साइट का पता लगाने के बाद पैराशूट के जरिए सर्च और रेस्क्यू टीम के सदस्यों को वहां उतारा गया। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद मामले की जांच रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) को सौंप दी गई।

छात्रों के फ्लाइट स्कूल से जुड़ा यह तीसरा हादसा

हादसे में जान गंवाने वाले दोनों छात्र कनाडा के हार्व्स एयर फ्लाइट स्कूल से फ्लाइट ट्रेनिंग पूरी कर रहे थे। रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी 2025 के बाद हार्व्स एयर फ्लाइट स्कूल से जुड़ा यह तीसरा हादसा है।

जनवरी 2025 में इसी स्कूल के एक इंस्ट्रक्टर को छोटे विमान के प्रोपेलर की चपेट में आने से गंभीर चोट लगी थी। उस समय एक छात्र विमान का इंजन शुरू करने की कोशिश कर रहा था।

इसके बाद जुलाई 2025 में ट्रेनिंग के दौरान 2 छात्र पायलटों की मौत हो गई थी। उनका सिंगल इंजन विमान हवा में एक दूसरे विमान से टकरा गया था।

—————–

यह खबर भी पढ़ें…

लंदन-ढाका फ्लाइट में दो यात्रियों के बीच मारपीट

लंदन से ढाका जा रही बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस की फ्लाइट में दो यात्रियों के बीच बहस के बाद मारपीट हो गई। दोनों ने एक-दूसरे को घूंसे मारे। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!