ऊना ने जीती अंतर महाविद्यालय पुरुष वॉलीबॉल चैंपियनशिप:नेरवा उपविजेता, सीमा तीसरे स्थान पर रही; रामपुर एसडीएम ने विजेताओं को किया सम्मानित
शिमला जिले के रामपुर स्थित जीबी पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय में हुई हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय पुरुष वॉलीबॉल चैंपियनशिप 2026-27 का खिताब राजकीय महाविद्यालय ऊना ने जीत लिया। यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता 23 से 25 सितंबर तक आयोजित की गई थी। इसमें विश्वविद्यालय से जुड़े कई कॉलेजों की टीमों ने हिस्सा लिया। चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला राजकीय महाविद्यालय ऊना और राजकीय महाविद्यालय नेरवा के बीच खेला गया। इस रोमांचक मैच में ऊना की टीम ने नेरवा को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। नेरवा की टीम उपविजेता रही, जबकि राजकीय महाविद्यालय सीमा ने तीसरा स्थान हासिल किया। क्वार्टर फाइनल में राजकीय महाविद्यालय सीमा ने गौतम कॉलेज हमीरपुर को 2-1 से हराया प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में राजकीय महाविद्यालय सीमा ने गौतम कॉलेज हमीरपुर को 2-1 से हराया। राजकीय महाविद्यालय नेरवा ने राजकीय महाविद्यालय चंबा को 3-0 से हराया। वहीं, राजकीय महाविद्यालय ऊना ने राजकीय महाविद्यालय सरस्वती नगर सावड़ा को 3-0 से और पीजी सेंटर शिमला ने मेजबान राजकीय महाविद्यालय रामपुर को 3-1 से हराया। सेमीफाइनल मुकाबलों में ऊना ने पीजी सेंटर शिमला को 3-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में नेरवा ने सीमा कॉलेज को 3-1 से हराया। तीसरे स्थान के लिए हुए मैच में राजकीय महाविद्यालय सीमा ने पीजी सेंटर शिमला को 3-0 से हराकर कांस्य पदक जीता।
एसडीएम ने किया विजेताओं को पुरस्कृत शुक्रवार शाम 6 बजे हुए समापन समारोह में एसडीएम रामपुर हर्ष अमरिंदर नेगी मुख्य अतिथि थे। उन्होंने विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान पर रही टीमों को सम्मानित किया। इस दौरान हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पर्यवेक्षक डॉ. रमेश चौहान, यूथ एंड अफेयर्स के असिस्टेंट डायरेक्टर डॉ. शमशेर, कॉलेज के रिटायर्ड प्राचार्य डॉ. जीआर ठाकुर, सहायक आयुक्त-सह-खंड विकास अधिकारी रामपुर अंकुश कुमार और पीटीए सदस्य लोक राज भी मौजूद थे। इन सभी ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और मैच देखे। प्रतियोगिता के आयोजन सचिव डॉ. विद्या बंधु नेगी ने इसे सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। वह हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय राज्य खेल परिषद के उपाध्यक्ष भी हैं। उनके तालमेल और शारीरिक शिक्षा विभाग के जुगराज (असिस्टेंट इन फिजिकल एजुकेशन) के सहयोग से प्रतियोगिता अच्छे से संपन्न हुई।
Source link

