फरीदकोट में बारिश से बदला मौसम, किसानों की बढ़ी चिंता:धान खरीद प्रभावित होने के आसार; किसान बोले-फसल बचाने के इंतजाम करे प्रशासन




फरीदकोट में शनिवार आधी रात से रविवार सुबह तक हुई बारिश के कारण मौसम का अचानक बदल गया है। लगातार बारिश से तापमान में भी गिरावट आई है। इसे सर्दी के आगमन की दस्तक के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, बारिश ने धान की खरीद और कटाई के सीजन में किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के कारण मंडियों में खुले में पड़ा धान भीगने की आशंका है। किसानों का कहना है कि वे पहले ही फसल को मंडियों में लेकर पहुंच चुके हैं, लेकिन अचानक हुई बारिश से धान में नमी बढ़ सकती है। इसका असर खरीद प्रक्रिया पर पड़ने की चिंता किसानों को सता रही है, क्योंकि सरकारी एजेंसियों द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही फसल की खरीद की जानी है। किसानों ने बताया कि जब फसल को बारिश की जरूरत थी, उस समय पर्याप्त बारिश नहीं हुई, लेकिन अब धान की कटाई और खरीद का समय चल रहा है तो बेमौसम बारिश परेशानी का कारण बन रही है। खेतों में कटाई के लिए तैयार खड़ी फसल भी बारिश के कारण प्रभावित हो सकती है। किसान हसनप्रीत सिंह बराड़ ने सरकार से मांग की है कि मंडियों में पड़ी फसल को बारिश से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। साथ ही, बारिश के कारण बढ़ी नमी को देखते हुए खरीद के दौरान किसानों को मापदंडों में जरूरी राहत दी जाए, ताकि उन्हें आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!