A young man returning from his in-laws’ house died in a road accident. | ससुराल से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत: नवादा के NH-20 पर ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, पुलिस ने गाड़ी जब्त किया – Nawada News
नवादा से शनिवार को दर्दनाक हादसे की खबर आई है। नेमदारगंज थाना क्षेत्र के मस्तानगंज गांव के पास एनएच-20 फोर लेन पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा
.
नालंदा के ससुराल से लौट रहा था युवक
मृतक की पहचान नेमदारगंज गांव निवासी अर्जुन रविदास के 28 साल के बेटे रामप्रवेश कुमार के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि वह नालंदा जिले के बरनावा गांव स्थित अपने ससुराल से घर लौट रहा था।
इसी दौरान मस्तानगंज के समीप ट्रक ने उसकी बाइक को पीछे से जोरदार धक्का मार दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
ट्रक ने रौंदा, देखते ही देखते खत्म हो गई जिंदगी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक बाइक को कुचल दिया। हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और ट्रक को जब्त कर लिया।
परिजनों को पुलिस ने दी सूचना, अस्पताल में मचा कोहराम
घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस ने परिजनों को दी। खबर मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक रामप्रवेश की मौत हो चुकी थी। मां-पिता के साथ अन्य परिजन बेसुध हो गए। पूरे परिवार में गम और सदमे का माहौल है।
‘पीछे से जोरदार टक्कर मारी थी ट्रक ने’—चचेरा भाई
चचेरे भाई मंतोष रविदास ने बताया कि ट्रक तेज रफ्तार में था और पीछे से बाइक में जबरदस्त टक्कर मारने के कारण ही यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि रामप्रवेश शांत और मेहनती स्वभाव का था और अचानक हुई इस मौत से परिवार टूट गया है।
थानेदार ने की त्वरित कार्रवाई, ट्रक जब्त
नेमदारगंज थाना प्रभारी राजन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और ट्रक को भागने से पहले ही पकड़ लिया। वाहन को जब्त कर थाने लाया गया है। फिलहाल युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।

