Accident averted in Muzaffarpur, gate remained open at Motipur crossing | मुजफ्फरपुर में टला हादसा, मोतीपुर क्रॉसिंग पर खुली रही फाटक: जान जोखिम में डाल कर गुजर रहे थे लोग, लोको पायलट ने रोकी ट्रेन – Muzaffarpur News
मुजफ्फरपुर के मोतीपुर स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर एक रेल हादसा टल गया। गेटमैन की लापरवाही और आम लोगों की जल्दबाजी के कारण एक पैसेंजर ट्रेन को फाटक के पास रुकना पड़ा।
.
मोतीपुर रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन आने का अलार्म लगातार बज रहा था, लेकिन इसके बावजूद फाटक खुला रहा। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इसी दौरान एक पैसेंजर ट्रेन क्रॉसिंग के समीप पहुंचकर रुक गई। फाटक खुला रहने और वाहनों की आवाजाही जारी रहने से तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई थी।
रेलवे क्रॉसिंग पर रुक नहीं रहे थे लोग
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोग हैरान हैं कि कैसे राहगीर अपनी जान जोखिम में डालकर रेलवे फाटक पार कर रहे थे। यह घटना रेलवे प्रशासन और स्थानीय लोगों दोनों के लिए सुरक्षा नियमों के पालन के महत्व को दर्शाती है।
गेटमैन की लापरवाही और यात्रियों की जल्दबाजी ने एक बड़े संभावित हादसे को निमंत्रण दे दिया था। समय रहते स्थानीय राजेपुर थाना के एक पुलिस अधिकारी, जो ट्रैफिक जाम में फंसे थे, उनके हस्तक्षेप से दुर्घटना टल गई।
राजेपुर के एएसआई मुन्ना यादव ने बताया कि वहां काफी ट्रैफिक था और लोग लगातार रेलवे क्रॉसिंग पर रुक नहीं रहे थे, जबकि फाटक बंद होने का अलार्म बज रहा था। एक पैसेंजर ट्रेन आ गई, लेकिन लोको पायलट की सूझबूझ से ट्रेन रुक गई। यह स्थिति देखकर उन्होंने लोगों को क्रॉसिंग पर रोका, जिसके बाद फाटक बंद किया जा सका और ट्रेन को आगे बढ़ाया गया।

