Arunachal Spy Network Exposed: Pakistan Links, China LAC Activity Raises Security Alert | अरुणाचल में जासूसी नेटवर्क और बॉर्डर गतिविधियों से एजेंसियां सतर्क: पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क का खुलासा, चीन की हलचल पर भी नजर
- Hindi News
- National
- Arunachal Spy Network Exposed: Pakistan Links, China LAC Activity Raises Security Alert
ईटानगर19 मिनट पहलेलेखक: सत्यनारायण मिश्र
- कॉपी लिंक
अरुणाचल प्रदेश में जासूसी नेटवर्क के खुलासे और सीमा से जुड़ी गतिविधियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने पिछले दस दिनों में पाकिस्तान से जुड़े जासूसी नेटवर्क के चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इसी बीच, स्थानीय लोगों ने वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास चीनी सेना की मौजूदगी और संभावित घुसपैठ की जानकारी दी है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सेना की गतिविधियों और अन्य संवेदनशील सूचनाएं पाकिस्तानी हैंडलर्स तक भेज रहे थे। शुरुआती जांच में इस नेटवर्क के चीन से जुड़े होने के संकेत भी मिले हैं। सुरक्षा विशेषज्ञ इसे ‘हाइब्रिड वॉर’ की रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं, जिसमें जासूसी, घुसपैठ और सैन्य दबाव को एक साथ इस्तेमाल किया जाता है।
राज्य के गृह मंत्री मामा नातुंग ने कहा है कि जासूसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
LAC के पास चीनी गतिविधियां, कैंप बनाने का दावा
स्थानीय लोगों का दावा है कि सितंबर 2024 से चीनी सेना ने अंजाव जिले के कपापु क्षेत्र में करीब 60 किमी अंदर तक कैंप बनाए हैं। उनका कहना है कि हालात 2022 जैसे हैं। हालांकि, सरकार की ओर से इसे ‘ओवरलैपिंग पेट्रोलिंग’ बताया जा रहा है।
इसी दौरान तिब्बत के ल्हुंजे एयरबेस पर चीन की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। यहां मैकमोहन लाइन से करीब 40 किमी दूर 36 हार्डेंड एयरक्राफ्ट शेल्टर्स बनाए जाने और स्टेल्थ जेट्स की तैनाती की जानकारी सामने आई है।
स्लीपर सेल खड़ा करने की आशंका
जांच एजेंसियों के मुताबिक पकड़े गए संदिग्ध स्थानीय मुस्लिम समुदायों में घुल-मिलकर स्लीपर सेल विकसित करने की कोशिश कर रहे थे। कुछ बांग्लादेशी युवकों की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है।
वेस्ट सियांग के एसपी का कहना है कि यह मामला असम और अरुणाचल से जुड़े एक बड़े जासूसी मॉड्यूल का हिस्सा हो सकता है। एजेंसियां इसे ऐसी रणनीति से जोड़कर देख रही हैं, जिसमें पाकिस्तान प्रॉक्सी की भूमिका निभा सकता है।
ईटानगर से गिरफ्तारी, असम तक नेटवर्क
- 11 दिसंबर को ईटानगर से जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के नजीर अहमद मलिक और सबीर अहमद मीर को गिरफ्तार किया गया। दोनों कंबल विक्रेता बनकर घूम रहे थे और एन्क्रिप्टेड टेलीग्राम चैनलों के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में थे। जांच के मुताबिक, उन्हें अवैध घुसपैठ में मदद और हथियार तस्करी के लिए कूरियर बनने के निर्देश मिले थे।
- 13 दिसंबर को कश्मीर के दो अन्य युवक भी पकड़े गए। जांच में नेटवर्क के असम तक फैले होने के संकेत मिले हैं। तेजपुर से वायुसेना के एक रिटायर्ड अधिकारी कुलेंद्र शर्मा की गिरफ्तारी को भी इसी कड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है।
एन्क्रिप्टेड चैनलों से सूचनाएं भेजने का आरोप
जांच एजेंसियों का कहना है कि आरोपी एन्क्रिप्टेड टेलीग्राम चैनलों के जरिए सीमा पार सूचनाएं साझा कर रहे थे। रक्षा विशेषज्ञ 1999 के करगिल युद्ध का हवाला देते हुए पूर्वोत्तर में संभावित ‘टू-फ्रंट’ दबाव की आशंका जता रहे हैं।
उनके मुताबिक, भारत ने लद्दाख, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में करीब 1.20 लाख सैनिक तैनात किए हैं। इसके बावजूद जासूसी नेटवर्क का फैलाव सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चुनौती माना जा रहा है।
एजेंसियों की कार्रवाई तेज
- असम और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में तलाशी और जांच अभियान तेज किए गए हैं।
- इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा अहम अलर्ट माना जा रहा है।
- भारत–चीन–पाकिस्तान से जुड़े सुरक्षा हालात पर एजेंसियां लगातार नजर बनाए हुए हैं।
—————–
नॉर्थ ईस्ट से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
PM बोले- मोदी कांग्रेस की गलतियां सुधार रहा:कांग्रेस ने वोट बैंक के लिए घुसपैठियों को छूट दी, हम उन्हें पहचानकर बाहर कर रहे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गुवाहाटी में कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से असम विरोधी काम किया। कांग्रेस ने वोट बैंक के लिए घुसपैठियों को खुली छूट दी और यहां की डेमोग्राफी बदली। इससे ये हुआ कि पूरे असम की सुरक्षा और पहचान दांव पर लग गई। पूरी खबर पढ़ें…
असम में राजधानी एक्सप्रेस से टकराकर 7 हाथियों की मौत:एक घायल; ट्रेन के 5 डिब्बे-इंजन पटरी से उतरे, कोहरे के कारण हादसे की आशंका
असम के होजाई जिले में शनिवार सुबह हाथियों का एक झुंड सैरंग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। हादसे में सात हाथियों की मौत हो गई और एक हाथी का बच्चा घायल हो गया। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में ट्रेन का इंजन और पांच कोच भी पटरी से उतर गए। पूरी खबर पढ़ें…

