Auto driver’s body found in Judia Nala in Sudamdih | सुदामडीह में जुड़िया नाला से ऑटो चालक का मिला शव: कल शाम से था लापता, पैर फिसलने से नाला में गिरने से मौत की आशंका – Dhanbad News
धनबाद के सुदामडीह थाना क्षेत्र के पथेररडीह स्थित ईदगाह मोहल्ला निवासी 51 वर्षीय ऑटो चालक जफर आलम का शव आज सुबह जुड़िया नाला से बरामद किया गया। परिजन उन्हें कल शाम से लापता बता रहे थे। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
.
परिजनों के अनुसार, जफर आलम कल शाम करीब 6 बजे खाना खाकर घर से निकले थे। रातभर घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की और मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने घर से कुछ दूरी पर स्थित जुड़िया नाला में एक शव उपलाता हुआ देखा। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। बाद में शव की पहचान लापता जफर आलम के रूप में हुई, जिसकी पुष्टि परिजनों ने की।
घटना की जानकारी स्थानीय सुदामडीह थाना पुलिस को दी गई। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए धनबाद स्थित एसएनएमएमसीएच भेज दिया गया।
मृतक के बेटे ने बताया कि जफर आलम पेशे से ऑटो चालक थे और अक्सर रात में पथेररडीह स्टेशन के आसपास ऑटो चलाते थे। परिजनों का अनुमान है कि वह शौच के लिए जुड़िया नाला के किनारे गए होंगे, जहां पैर फिसलने से वह पानी में गिर गए और उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

