Bilaspur Pistol Supply Bust | MP Arms Racket Cracked Via Viral Reel
हिस्ट्रशीटर ने पिस्टल से फायरिंग करते हुए रील बनाई थी, जो वायरल होने के बाद पुलिस तक पहुंची।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर एक हिस्ट्रीशीटर और अवैध हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर पिस्टल से फायरिंग करते हुए रील बनाई थी, जो वायरल होने के बाद पुलिस तक पहुंची।
.
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भोपाल के हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 पिस्टल, 4 मैगजीन, 20 राउंड जिंदा कारतूस और 1100 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बरामद किए हैं। इसके अलावा पुलिस ने बड़वानी के हथियार बनाने वाले कारखाने वाले में दबिश दी।
जो जंगल के बीचों बीच है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सरगना फरार हो गया। हालांकि, जांच में सामने आया है कि बड़वानी से छत्तीसगढ़ सहित देश के अलग-अलग राज्यों तक हथियारों के सप्लाई होते हैं। इस पूरे कार्रवाई को अंजाम देने के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित की थी।
पहले ये तस्वीरें देखिए-
हिस्ट्रीशीटर ने इंस्टाग्राम पर पिस्टल से फायरिंग करते हुए रील बनाई
पुलिस ने पिस्टल, चाकू और जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पढ़िए कार्रवाई की पूरी कहानी
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि जरहाभाठा मिनी बस्ती निवासी आदतन बदमाश स्वराज कुर्रे (20) नशे का कारोबार करने के साथ-साथ अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री में भी शामिल है।
आरोपी ने अवैध पिस्टल से फायरिंग करते हुए और हथियार बनाने वाले कारखाने में ट्रायल करते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने उसे अरेस्ट किया।
आरोपी ने पूछताछ में भोपाल के सप्लायर धीरेंद्र सिंह तोमर (37) का नाम बताया। पुलिस अवैधपुरी स्थित आईडियल सिटी से सप्लायर को पकड़कर पूछताछ की। तस्कर ने बताया कि उसने स्वराज को 4 पिस्टल दिया था।
पहले भी जब्त हो चुके थे हथियार
पुलिस के मुताबिक, दो साल पहले डकैती के मामले में स्वराज और उसके साथियों से तीन पिस्टल जब्त की गई थीं। वहीं चौथी पिस्टल 30 जनवरी को स्वराज की स्कूटी से बरामद की गई। इस तरह पुलिस ने स्वराज से सप्लाई की गई चारों पिस्टल बरामद कर ली है। साथ ही प्रतिबंधित नशीली टेबलेट भी जब्त की गई है।
बिलासपुर पुलिस ने भोपाल से सप्लायर को गिरफ्तार किया।
बड़वानी गैंग बना रहा था ऑटोमैटिक हथियार
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मध्यप्रदेश का बड़वानी जिला पूरे देश में अवैध ऑटोमैटिक हथियार निर्माण के लिए कुख्यात है। यहां कई लोग इस अवैध कारोबार में संलिप्त हैं। स्थानीय लोगों का कहना था कि पुलिस से कथित सेटिंग के कारण कई बार आरोपी बच निकलते हैं और दबिश के दौरान डमी हथियार दिखाकर बच जाते हैं।
घने जंगल में हथियार कारखाना, सरगना फरार
धीरेंद्र से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस टीम बड़वानी पहुंची। जंगल के भीतर करीब 20 किलोमीटर अंदर अवैध हथियार निर्माण का कारखाना मिला, जहां छोटे-छोटे पिस्टल बनाए जा रहे थे। हालांकि, मौके पर कोई मौजूद नहीं था। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और सरगना की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला।
कई राज्यों की पुलिस भी कर चुकी है रेड
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बड़वानी के जंगलों में बनने वाले पिस्टल छत्तीसगढ़ सहित देश के कई राज्यों में सप्लाई होते हैं। महाराष्ट्र बॉर्डर के पास इसकी सबसे अधिक सप्लाई होती है। महाराष्ट्र, दिल्ली, हरियाणा और आंध्र प्रदेश की पुलिस भी पहले कई बार रेड कर चुकी है, लेकिन बड़े नेटवर्क तक नहीं पहुंच पाई।
MP पुलिस पहले भी कर चुकी है 15 से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी
बताया गया कि कुछ समय पहले मध्यप्रदेश पुलिस ने बड़वानी के जंगलों से हथियार निर्माण और सप्लाई में शामिल 15 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जो फिलहाल जेल में हैं। इसके बाद कई अवैध कारखाने बंद हो गए हैं और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
……………………………………
क्राइम से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें…
‘नायक नहीं खलनायक हूं मैं’…गाने पर हथियार लहराते बनाया VIDEO:बिलासपुर में घर घुसकर युवक पर हमला, दहशत फैलाने रील्स वायरल की,पुलिस ने निकाला जुलूस
बिलासपुर में लोहे के हथियार लेकर दहशत फैलाने बनाई रील्स। पुलिस ने निकाला जुलूस।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बदमाशों ने एक युवक के घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला किया। उसके बाद हथियार लहराते हुए ‘नायक नहीं खलनायक हूं मैं’ गाने पर बीच सड़क पर वीडियो बनाया। फिर रील्स को सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। अब पुलिस ने नाबालिग समेत 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी का जुलूस भी निकाला। पढ़ें पूरी खबर…

