Bundi police took major action against illegal gravel | बूंदी पुलिस ने अवैध बजरी पर की बड़ी कार्रवाई: 110 टन बजरी, 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली और जेसीबी जब्त; एक आरोपी गिरफ्तार – Bundi News
पुलिस ने बजरी से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और एक जेसीबी मशीन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
बूंदी पुलिस ने अवैध बजरी के परिवहन और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत 110 टन अवैध बजरी जब्त की गई। पुलिस ने बजरी से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और एक जेसीबी मशीन भी पकड़ी। इस मामले में एक आरोपी नरेश गुर्जर को गिरफ्तार किया गया है।
.
पुलिस ने बजरी से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और एक जेसीबी मशीन को जब्त किया है।
बूंदी जिला पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि अवैध बजरी के परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थानाधिकारी सदर के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया था।
पुलिस टीम ने गुप्त सूचनाओं के आधार पर थाना क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। कांजरी सिलोर दण्ड रोड पर एक बाड़े में बजरी का बड़ा स्टॉक मिला। मौके पर बजरी से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और एक जेसीबी मशीन भी मौजूद थी, जिसका उपयोग स्टॉक से ट्रैक्टरों में बजरी भरने के लिए किया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया और अवैध बजरी के स्टॉक की पुष्टि के लिए खनन विभाग को सूचित किया। खनन विभाग की जांच में लगभग 110 टन बजरी अवैध पाई गई। इसके बाद, पुलिस ने आरोपी नरेश गुर्जर (27) पुत्र फोरूलाल गुर्जर निवासी तीखा बरड़ा पंचायत समिति मंगाल बूंदी को गिरफ्तार कर जब्त की गई सामग्री के संबंध में संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी भंवरसिंह, जितेंद्र सिंह, कॉन्स्टेबल हनुमान, नेतराम, कृष्ण कुमार, पांचाराम, चेतराम, गजेंद्र और सवाईसिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

