Dhanbad Exam Center Arrest | 8 Lakh Deal SSC MTS
धनबाद19 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित MINERVA DIGITAL परीक्षा केंद्र में SSC (MTS) ऑनलाइन परीक्षा के दौरान एक हाईटेक नकल गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। सेंटर कोऑर्डिनेटर की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो परीक्षार्थियों और परीक्षा केंद्र के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए परीक्षार्थियों की पहचान बिहार के लखीसराय जिले के रामचंद्रपुर निवासी रौनक कुमार और कोचगांव निवासी बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। वहीं, परीक्षा केंद्र में रजिस्ट्रेशन मैनेजर के पद पर कार्यरत नालंदा जिले के दायमचक निवासी शशि कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।
उपकरणों का उपयोग कर बाहर से उत्तर बताए जा रहे थे
जांच के दौरान परीक्षार्थियों के पास से अत्याधुनिक तकनीकी उपकरण जैसे ब्लूटूथ डिवाइस और स्पाई ईयरपीस बरामद किए गए। इन उपकरणों का उपयोग कर बाहर से उत्तर बताए जा रहे थे। पूछताछ में परीक्षार्थियों ने स्वीकार किया कि परीक्षा केंद्र के कर्मचारी ने ही उन्हें ये उपकरण उपलब्ध कराए थे और यह पूरी साजिश पहले से रची गई थी।
आरोपियों ने यह भी खुलासा किया कि नकल कराने के लिए प्रति परीक्षार्थी आठ लाख रुपए की मांग की गई थी। इसमें से ढाई लाख रुपए अग्रिम भुगतान के रूप में दिए गए थे।
गिरफ्तार कर्मचारी के मोबाइल फोन की जांच में व्हाट्सएप चैट, परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र और लेन-देन से जुड़े कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। इस मामले में गोविंदपुर थाना में 13 फरवरी 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अन्य संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है।

