Gajak was being made in dirty conditions in Indore, factory sealed | इंदौर में गंदगी में बन रही थी गजक, फैक्ट्री सील: सुमित गजक और कुल्फी सेंटर पर कार्रवाई; मानपुर में अवैध यूरिया भी बरामद – Indore News
खाद्य औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बुधवार को सुमित गजक और कुल्फी पर कार्रवाई की। खातीपुरा स्थित कारखाने पर गंदगी में तिल और मूंगफली की गजक तैयार की जा रही थी। कारखाने के संचालक सुमित शिवहरे द्वारा कारखाने का फूड लाइसेंस नहीं लिया गया था।
.
यहां से गुड़, तिल, तिल गजक एवं मूंगफली दाना पट्टी के नमूने जांच हेतु लिए गए। फूड लाइसेंस न होने के कारण फैक्ट्री को सील कर दिया गया। इसके के बाद खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने खातीपुरा स्थित गणभोग फूड्स का निरीक्षण किया गया। उक्त संस्थान से राजगीरा लड्डू एवं तिल लड्डू के नमूने जांच के लिए भेजे गए।
फैक्ट्री में जांच करने पहुंची टीम।
फिनिक्स सिटाडेल मॉल स्थित मोती महल डीलक्स रेस्टोरेंट से भी पनीर, चावल एवं मैदा के नमूने लिए गए हैं।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने बताया कि नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लिए गए सभी नमूनों को विस्तृत जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
मानपुर में अवैध रूप से बिक रहा था यूरिया, गोदाम सील
जिला प्रशासन ने यूरिया के गोदाम को सील कर दिया।
जिला प्रशासन की टीम ने मानपुर में माहेश्वरी एग्रो सेल्स के प्रतिष्ठान एवं गोदामों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में प्रतिष्ठान के प्रोप्राइटर रजत अजमेरा द्वारा निमरानी खरगोन में अनुदान प्राप्त यूरिया का अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था। यहां यूरिया का विक्रय भी अवैध रूप से किया जा रहा था।
उर्वरक निरीक्षक सह वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी महू ने मेसर्स माहेश्वरी एग्रो सेल्स धार रोड मानपुर के प्रोप्राइटर रजत अजमेरा पर पुलिस थाना मानपुर में एफआईआर दर्ज करवाई गई है। इसके साथ ही उर्वरक लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया है।

