Haryana Hisar Barwala Road Accident, Truck hits bike, one dead | ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी, एक की मौत: हिसार-बरवाला रोड पर शाम के समय हादसा, दो युवक हुए घायल – Hisar News
बरवाला-हिसार रोड पर हादसे के बाद शव को अपने कब्जे में लेती बरवाला पुलिस।
हरियाणा के हिसार जिले के बरवाला कस्बे में मंगलवार शाम एक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इस घटना में बाइक पर सवार दो अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
.
मृतक की पहचान बरवाला के नहला गांव निवासी विनोद के रूप में हुई है। विनोद अपने दो साथी सोनू पुत्र सूबे सिंह और एक अन्य सोनू के साथ किसी काम से बरवाला की ओर आ रहा था।
बताया जा रहा है कि जैसे ही तीनों बाइक पर बरवाला-हिसार रोड पर पहुंचे, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सड़क पर काफी दूर तक घसीटती चली गई और तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
बरवाला में सड़क हादसे के बाद मृतक के शव को उठाती पुलिस।
बरवाला पुलिस ने की कार्रवाई
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बरवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक विनोद के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

