Hot Honey Egg Recipe: हॉट हनी एग ट्राई किया क्या? इंटरनेट पर ट्रेंड कर रही रेसिपी, इससे कितना मिलेगा न्यूट्रिशन
Hot Honey Egg Recipe: अगर आप भी अंडा खाने के शौकीन हैं तो आप इसे अलग-अलग तरीके से बनाकर जरूर खाते होंगे. अंडे की कोई भी डिश बनाएं, हर बार इसका स्वाद बढ़कर ही आता है. चाहे सामान्य उबला हुआ अंडा हो, अंडा भुर्जी हो, अंडा रोल हो या फिर अंडा ऑमलेट सभी स्वाद में लाजवाब लगते हैं. आजकल सोशल मीडिया पर एक नई रेसिपी वायरल हो रही है, जिसे देखकर लगता है इसे तो जरूर आजमाना चाहिए. कुछ मीठा, चीज के साथ मसाले का मेल सुनने में लाजवाब लगता है ना? तो सोचिए, आखिर इसे बनाने का मन कैसे न करे.
हॉट हनी एग बनाने की आसान विधि
सबसे पहले एक पैन लें, उस पर थोड़ा शहद डालें, फिर थोड़ा मोजरेला चीज डालें, उसके बाद उसपर 2 अंडे डाल दें, ऊपर से थोड़ी बारीक कटी हुई हरी मिर्च डालें ( मिर्च का तेल भी डाल सकते हैं), जिससे इसका स्वाद काफी हद तक बढ़ जाता है, मिर्च का इस्तेमाल अपने स्वाद अनुसार ही करें. अब इसे धीमी आंच पर अच्छे से पकाएं, पक जाने पर इसे बीच में से फोल्ड करके प्लेट में सर्व करें. इसके स्वाद की बात करें तो जब इसे खाया जाएगा तो पहले ही निवाले में आपको शहद की मिठास मिलेगी, जिसके बाद आपको मसाले और मिर्च का तीखापन महसूस होगा. यही तो इस डिश की असली पहचान है, उसके बाद अंडे का स्वाद मानो लाजवाब लगता है.
ये भी पढ़ें- How To Make Dried Date At Home: खजूर से घर में कैसे बना सकते हैं छुआरा, एक किलो के लिए चाहिए कितने खजूर?
कितना मिलता है पोषण?
अब जब बात अंडे की हुई है तो भला पोषण की बात कैसे न हो. हमने इसमें 2 अंडे, लगभग 1 चम्मच शहद और थोड़ा चीज डाला है, जो कुल मिलाकर लगभग 380 से 400 कैलोरी देगा. इसमें मौजूद अंडे और चीज में मिलाकर लगभग 20 ग्राम से ज्यादा प्रोटीन होगा, जो कुल मिलाकर एक बेहतरीन डाइट मील हो सकता है.
फैट और कार्बोहाइड्रेट की मात्रा
इसमें फैट की मात्रा भी काफी अधिक है, लगभग 30 ग्राम, जो इसमें मौजूद चीज से मिलेगी. जबकि इसमें कार्बोहाइड्रेट काफी कम है, जो सिर्फ शहद से मिलेगा. कुल मिलाकर यह एक ऐसा डाइट मील है जो आपको वजन बढ़ाने में भी काफी मदद कर सकता है. अगर आप वजन घटा रहे हैं तो इसे कम से कम खाएं, क्योंकि इसमें मौजूद पोषण जल्दी वजन बढ़ा सकता है और स्वाद की तो बात ही अलग है – इसका मीठा और तीखा स्वाद खाने के बाद ही समझ आता है, इसे बताकर समझाया नहीं जा सकता.
ये भी पढ़ें- Homemade Raisins: घर में अंगूर से कैसे बना सकते हैं किशमिश, एक किलो बनाने के लिए कितना अंगूर होना जरूरी?

