Kanpur Top News Headlines News Update; B-Pharma
नमस्कार, कानपुर में कल (बुधवार) की बड़ी खबरें… पार्टी से लौट रहे दोस्तों की कार बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई। कार में सवार बी-फार्मा के दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ ग
.
गोविंद नगर के दादा नगर इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार तड़के एक प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग से फैक्ट्री के बाहर खड़े तीन लोडरों के साथ पास की इमारत को भी अपनी चपेट में ले लिया। फायर ब्रिगेड की 9 गाड़ियों ने करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
कानपुर की ऐसी ही 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर वीडियो पर क्लिक करें…।
अब सिलसिलेवार 10 खबरें पढ़िए-
1. बेकाबू कार पेड़ से टकराई, 2 B-Pharma छात्रों की मौत:कानपुर में 4 दोस्त पार्टी कर लौट रहे थे; 2 की हालत गंभीर
कानपुर में पार्टी से लौट रहे दोस्तों की कार बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई। कार में सवार बी-फार्मा के दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
यह हादसा मंगलवार आधी रात के बाद कल्याणपुर थाना क्षेत्र के पनकी रोड पर हुआ। सामने आए CCTV फुटेज में स्विफ्ट डिजायर कार तेज रफ्तार में आती दिख रही है। कार में चार दोस्त सवार थे, जो पनकी से कल्याणपुर की ओर जा रहे थे। पढ़ें पूरी खबर
2. IIT में सुसाइड के बाद छात्रों का हंगामा:भाई बोले- दो दिन पहले ही पत्नी-बेटी को लेकर आया था, शरीर की 10 हडि्डयां टूटी
कानपुर IIT के PHD छात्र राम स्वरूप का आज पोस्टमार्टम कराया गया, 6वीं मंजिल से कूदने की वजह से कूल्हा, पैर, सिर की करीब 10 हडि्डयां टूट गई थी, कोमा में जाने के कारण मौत की पुष्टि हुई है। पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि अपने साथी स्कॉलर के साथ रिसर्च के लिए कुछ दिन पहले ही अपने प्रोजेक्ट के लिए राजस्थान आया था।
इसके बाद वह रविवार को पत्नी मंजू और तीन साल की बेटी चारू को अपने साथ लेकर गया था। चचेरे भाई राजेंद्र चौधरी ने बताया कि वह पढ़ाई में होनहार था, उसने पहले ही प्रयास में आईआईटी में दाखिला लिया था, इसके साथ ही वह एक बेहतरीन एथलीट भी था। पढ़ें पूरी खबर
3. दादा नगर में शार्ट सर्किट से फैक्ट्री में भीषण आग:लपटों ने घड़ी के गोदाम को भी चपेट में लिया, 9 गाड़ियों ने पाया काबू
कानपुर के गोविंद नगर के दादा नगर इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार तड़के उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
फैक्ट्री के बाहर खड़े तीन लोडरों के साथ पास की इमारत को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की 9 गाड़ियों ने करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। पढ़ें पूरी खबर
4. कानपुर में 35 लाख की ज्वैलरी चोरी, 2 अरेस्ट:रिटायर्ड बैंक कर्मी के बंद घर से चुराया, पुलिस के सामने मुस्कुराता रहा आरोपी
जाजमऊ पुलिस ने सेवानिवृत्त एसबीआई कर्मी के बंद मकान से हुई करीब 35 लाख रुपए की ज्वैलरी चोरी का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले एक सुनार को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को बुधवार को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने चोरी गए माल का करीब 75 प्रतिशत हिस्सा बरामद कर लिया है।
बुधवार दोपहर पुलिस ने आरोपियों को मीडिया के सामने पेश किया, इस दौरान आरोपी फिरोज उर्फ अजमेरी मुस्कुराता रहा। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता के मुताबिक, चोरी की घटना 12 जनवरी की रात को हुई थी। मामले के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमें लगाई गई थीं। पढ़ें पूरी खबर
5. ‘जिसे बेटी कहा, उसी ने मेरे बेटे को मार डाला’:कुशाग्र की मां बोली- हत्यारों के डर से कानपुर छोड़ा; ट्यूशन टीचर, प्रेमी-दोस्त दोषी
‘मैं ट्यूशन टीचर रचिता को बेटी की तरह मानती थी। कुछ भी खाना बनाती थी तो रचिता को जरूर बुलाती थी। होली के समय मैंने उसे अपने घर में 4 दिन रखा था। मुझे क्या पता था कि जिसे मैं खाना बना-बनाकर खिला रही हूं, वही रचिता एक दिन मेरे बेटे को मार डालेगी। उसके टुकड़े-टुकड़े कर देगी।
मेरा बेटा उसे गुरु मानता था। उसने जरा भी मेरे बेटे के बारे में नहीं सोचा। उसने टीचर के रिश्ते को कलंकित किया। मुझे डर लगता था कि कहीं ये लोग मेरे अन्य दोनों बच्चों को न मार दें। इसलिए मैंने कानपुर छोड़ दिया। मैं सूरत चली गई। मैं अपने बेटे को इंसाफ दिलाने के लिए 1196 किलोमीटर दूर से कानपुर छोटी बेटी को साथ आती थी।’ पढ़ें पूरी खबर
6. थर्ड जेंडर बोले-हमारी संख्या हजारों में, SIR में सिर्फ 111:कानपुर में हमारे वोट कट गए, BLO और नेता भी नहीं आए
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के पहले चरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले में थर्ड जेंडर (किन्नरों) की संख्या पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिले भर में जहां किन्नरों की संख्या 3500 से ज्यादा बताई जा रही है। वहीं, एसआईआर के बाद जारी हुए ड्राफ्ट रोल में जिले भर में महज 111 किन्नर ही शामिल किए गए है।
एसआईआर के बाद जारी ड्राफ्ट रोल के बाद किन्नरों की वास्तविक संख्या व किन्नर वोटरों की संख्या पर सवाल खड़े हुए हैं। एसआईआर में संख्या कम होने की वजह कुछ भी हो। पढ़ें पूरी खबर
7. कागजों पर 1500 मीटर सड़क दिखाई, 1100 मीटर ही बनी:कानपुर में शिकायत के बाद घोटाला सामने आया, अब सालभर बाद बची रोड बन रही
कानपुर जिला पंचायत के विकास कार्यों में एक और घोटाले का आरोप सामने आया है। घाटमपुर तहसील क्षेत्र में सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। आरोप है कि सालभर पहले कागजों में 1500 मीटर सड़क दिखाकर भुगतान करा लिया गया, जबकि मौके पर सिर्फ 1100 मीटर ही डामर रोड बनाई गई। शिकायत उठते ही ठेकेदार ने रातों-रात काम शुरू कर पुराने भ्रष्टाचार को ढकने की कोशिश की।
घाटमपुर क्षेत्र में जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा कराए जा रहे विकास कार्य पहले भी विवादों में रहे हैं। हाल ही में स्ट्रीट लाइट घोटाले का मामला ठंडा ही पड़ा था कि अब सड़क निर्माण में अनियमितताओं का आरोप लग गया। पढ़ें पूरी खबर
8. कानपुर में BJP प्रदेश अध्यक्ष के भव्य स्वागत की तैयारी:जल, थल से आसमान तक दिखेगा भगवा रंग, 20 किमी लंबा रोड शो होगा
कानपुर में BJP शक्ति प्रदर्शन की तैयारी पूरी है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी पहली बार 22 जनवरी को कानपुर पहुंचेंगे, जहां उनका स्वागत राजनीतिक नहीं बल्कि भव्य आयोजन के रूप में किया जाएगा। 20 किलोमीटर लंबे रोड शो को लेकर संगठन ने जल, थल और वायु तीनों स्तर पर स्वागत की अनोखी रणनीति तैयार की है।
गंगा से लेकर सड़क और आसमान तक भगवा रंग में रंगे इस रोड शो को तीन घंटे में पूरा करने की योजना है, जिसे बीजेपी का बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर
9. कानपुर में 2 दिन बाद बदलेगा मौसम, बारिश होगी:70 हार्ट पेशेंट भर्ती हुए, पारा 8 डिग्री पहुंचा; धूप ने राहत दी
कानपुर का मौसम पिछले दो दिन में बदला है। सुबह के समय मौसम साफ रहने के साथ-साथ गलन में कमी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो कि सामान्य से 1.2 डिग्री ज्यादा है।
वहीं प्रदूषण की वजह से AQI 230 के पार रहा। मौसम में हल्की धुंध सी नजर आई। अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 3.8 डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार 23 व 24 जनवरी को बारिश के आसार हैं। शहर के अलावा अन्य जिलों में पड़ रहे कोहरे के कारण मंगलवार 15 ट्र्रेनें देरी से कानपुर सेंट्रल पहुंची। पढ़ें पूरी खबर
10. यूपी में यादव वोटों पर BJP की नजर:MP सीएम मोहन यादव की कानपुर यात्रा पर बढ़ी चर्चा, सपा बोली- यादव टूटेगा नहीं
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। ओबीसी वोट बैंक में सबसे बड़ी हिस्सेदारी रखने वाले यादव मतदाताओं पर भारतीय जनता पार्टी की नजर बताई जा रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भले ही बीजेपी यादव वोटों का बड़ा हिस्सा अपने पाले में न ला पाए, लेकिन यदि सपा के परंपरागत वोट बैंक में थोड़ी भी सेंध लगती है तो उसका सीधा नुकसान समाजवादी पार्टी को होगा।
यूपी की इस सियासी गणित को समझने के लिए दैनिक भास्कर ने वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषकों, पत्रकारों और सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता से बातचीत की। जानकारों का कहना है कि यादव वोट बैंक अब तक सपा की मजबूत दीवार रहा है। पढ़ें पूरी खबर

