Major accident averted in Rajrappa temple complex | रजरप्पा मंदिर परिसर में बड़ा हादसा टला: ब्रेक फेल होने से दुकान में घुसी बस, ढलानदार रास्ता से बना रहता है खतरा – Ramgarh (Jharkhand) News
रामगढ़ जिले के प्रसिद्ध रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिके मंदिर परिसर में बड़ा हादसा टल गया। मंदिर की ओर आ रही एक बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर परिसर में स्थित एक दुकान में जा घुसी।
.
घटना ऐसे समय हुई जब नववर्ष को लेकर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। हालांकि गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त न तो बस में कोई यात्री सवार था और न ही दुकान के अंदर लोग मौजूद थे। इस कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दुकान और कार को हुआ नुकसान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस ढलान पर तेजी से नीचे की ओर आ रही थी, तभी चालक ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। अनियंत्रित बस सीधे एक दुकान में जा घुसी। इसके बाद बस वहीं खड़ी एक ब्रेजा कार से टकरा गई।
जिससे कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। दुकान में रखे सिंदूर, चुनरी और पूजा से जुड़े अन्य सामान नीचे गिरकर बिखर गए। दुकानदारों ने बताया कि यदि उस समय दुकान में श्रद्धालु मौजूद होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
ढलानदार रास्ता से बना रहता है खतरा
मां छिन्नमस्तिके मंदिर परिसर की ओर जाने वाला रास्ता काफी ढलानदार है। इस कारण यहां हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से चालकों को इस मार्ग पर विशेष सावधानी बरतने और धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी जाती है।
इसके बावजूद कभी-कभी तकनीकी खराबी या लापरवाही के कारण हादसे की स्थिति बन जाती है। इस घटना ने एक बार फिर मंदिर परिसर में वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कुछ देर तक रही अफरा-तफरी
हादसे के बाद मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। श्रद्धालु सहम गए और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और मंदिर प्रबंधन के लोग मौके पर पहुंचे। बस को हटाने के बाद स्थिति सामान्य हुई और यातायात बहाल किया गया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ढलान वाले मार्ग पर अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

