Mansi CHC medical officer to be chargesheeted, departmental action to be taken | मानसी सीएचसी के चिकित्सा पदाधिकारी पर होगा आरोप-पत्र गठित, चलेगी विभागीय कार्रवाई – Khagaria News
.
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ( सीएचसी ) मानसी के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ० राजीव रंजन कुमार पर गंभीर कर्तव्य लापरवाही के आरोप लगे हैं। जिले के डीएम नवीन कुमार ने इस मामले में प्रपत्र गठित करने का आदेश दिया है। सूत्रों के अनुसार, प्रपत्र अभी गठित होना है और इसके बाद विभागीय जांच की प्रक्रिया शुरू होगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई और दंड भी हो सकता है। जानकारी के अनुसार, अधिकारी दो दिन पहले जिला स्तर पर आयोजित बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहे। इसके अलावा, डीएम ने हाल ही में मानसी सीएचसी का औचक निरीक्षण किया, जिसमें अधिकारी अस्पताल में मौजूद नहीं पाए गए। मोबाइल पर संपर्क करने पर अधिकारी मुख्यालय के बाहर पाए गए। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में कई जरूरी सुविधाओं का अभाव और अन्य खामियां भी सामने आईं। सूत्रों के अनुसार, इस मामले में अधिकारी का 1 से 5 जनवरी तक का वेतन काटने का प्रस्ताव भी है। मरीजों को सभी प्रकार की पैथोलॉजी जांच उपलब्ध कराने में विफल रहने के कारण मानसी, अलौली, बेलदौर, चौथम, गोगरी और परबत्ता प्रखंड के छह बीएचएम के मानदेय कटौती के आदेश दिये गए हैं। जानकारी के मुताबिक डीएम नवीन कुमार ने 1 से 5 जनवरी तक का मानदेय काटने के आदेश दिए हैं। जिले के सभी बुनियादी स्वास्थ्य केंद्रों में 55 प्रकार की पैथोलॉजी जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश पहले ही दिए गए थे। इसके लिए अस्पताल प्रबंधकों को समय भी दिया गया था।
मोबाइल लोकेशन युक्त फोटो भेजना अनिवार्य जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टर और कर्मियों के आने-जाने पर निगरानी के लिए डीएम ने नई व्यवस्था लागू की है। अब सभी स्वास्थ्य पदाधिकारी और कर्मी सुबह, दोपहर और शाम अपने कर्तव्य स्थल की लोकेशन युक्त फोटो अपने वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित रूप से भेजेंगे।

