Patna Traffic Cop Saves CISF Jawan Life With CPR
पटना के मीठापुर बाईपास पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के एक कांस्टेबल ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए एक CISF जवान की जान बचा ली। मीठापुर बाईपास पर यह घटना हुई, जहां जवान अचानक अचेत होकर सड़क पर गिर पड़ा।
.
अचेत हुए व्यक्ति की पहचान नवादा जिले के रहने वाले कुंदन के रूप में हुई है, जो CISF में कांस्टेबल हैं। बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत पहले से खराब थी और वे अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वे बेहोश होकर गिर पड़े।
देखिए सीपीआर देकर जान बचाने के घटना की तस्वीर…
कांस्टेबल ने सूझबूझ दिखाते हुए सीपीआर देकर CISF जवान की जान बचाई।
सीपीआर देवने के बाद होश में आया CISF जवान।
गिरते ही समझ गए हार्ट अटैक, तुरंत शुरू किया CPR
मीठापुर ट्रैफिक पोस्ट पर तैनात कांस्टेबल अंजनी कुमार गौरव ने बताया कि, एक व्यक्ति चेक पोस्ट से गुजर रहा था। पास में उसकी गाड़ी और परिवार मौजूद था। गाड़ी तक पहुंचने से पहले ही वह अचानक गिर गया।
उसके शरीर से ज्यादा पसीना निकल रहा था और हाथ-पैर अकड़ रहे थे। स्थिति को देखते हुए उन्होंने हार्ट अटैक की आशंका जताई और बिना देर किए CPR देना शुरू कर दिया।
कुछ ही सेकेंड में लौट आई सांसें
कांस्टेबल के मुताबिक, CPR शुरू करने के करीब 30 सेकेंड के भीतर ही जवान को होश आने लगा। कुछ ही मिनटों में उसकी हालत सामान्य हो गई। मौके पर मौजूद परिजन भी यह देख भावुक हो गए और कांस्टेबल को भगवान का रूप बताकर धन्यवाद दिया।
ट्रेनिंग में सीखा, मौके पर किया इस्तेमाल
अंजनी कुमार गौरव ने बताया कि उन्हें CPR देने का विशेष अनुभव नहीं था। ट्रेनिंग के दौरान जो सिखाया गया था, उसी के आधार पर उन्होंने हिम्मत जुटाकर यह कदम उठाया।
समय रहते मिली मदद से कुंदन की जान बच गई। फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य है और वे अपने परिवार के साथ घर लौट गए हैं।

