President Draupadi Murmu is reaching Ranchi tomorrow evening. | कल शाम रांची पहुंच रही हैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू: ड्रोन, CCTV और स्पेशल फोर्स से निगरानी, सुरक्षा में 14 IPS और 75 DSP तैनात – Ranchi News
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय झारखंड दौरे को लेकर कल राजधानी रांची पहुंच रही हैं। वह कल शाम रांची पहुंचेंगी। उनकी सुरक्षा के लिहाज से पूरे शहर को हाई अलर्ट पर रखा गया है। राष्ट्रपति की सुरक्षा में राज्य के 14 आईपीएस अधिकारी और 75 डीएसपी क
.
राष्ट्रपति के आगमन से लेकर प्रस्थान तक ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी से लगातार निगरानी होगी। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से लेकर राजभवन तक के पूरे रूट पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ मोबाइल सर्विलांस यूनिट भी सक्रिय रहेंगी। सुरक्षा एजेंसियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
28 से 30 दिसंबर तक बदलेगा ट्रैफिक सिस्टम
राष्ट्रपति के आगमन और विभिन्न कार्यक्रमों को देखते हुए 28, 29 और 30 दिसंबर को रांची के ट्रैफिक सिस्टम में आंशिक बदलाव किया गया है। 28 दिसंबर को शाम 6 बजे से रात 7 बजे तक एयरपोर्ट से राजभवन तक मार्ग बंद रहेगा। 29 दिसंबर को सुबह 9.30 से 10.30 बजे तक और शाम 4 बजे से 5 बजे तक एयरपोर्ट से हरमू बाइपास होते हुए राजभवन तक यातायात रोका जाएगा।
वहीं 30 दिसंबर को सुबह 9 बजे से 10 बजे तक हरमू बाइपास से एयरपोर्ट और राजभवन तक मार्ग बंद रहेगा। इस दौरान आम लोगों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को समय से पहले निकलने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
NIT जमशेदपुर में 1.05 घंटे रहेंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति 28 दिसंबर को रांची आने के बाद लोकभवन में रहेंगी। इसके बाद 29 दिसंबर को जमशेदपुर रवाना होंगी। वहां NIT के 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इस दौरान वह 1.05 घंटे का समय कैंपस में बिताएंगी।
दीक्षांत समारोह में 1114 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। जिसमें 612 स्टूडेंट्स व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हो कर डिग्री लेंगे। डिग्री लेने वालों में स्नातक के 417, स्नातकोत्तर के 149 और पीएचडी के 46 स्टूडेंट्स हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोपहर 2.05 बजे से 3.10 बजे तक कैंपस में रहेंगी।
पहले ओलचिकी लिपि के कार्यक्रम में होंगी शामिल
एनआईटी के कार्यक्रम में शामिल होने से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्म करनडीह पहुंचेगी। वह 10.40 बजे करनडीह जाहेरथान पहुंचेगी। यहां भी उनका शेड्यूल 1.05 घंटे का होगा। उनके साथ सीएम हेमंत सोरेन, राज्यपाल संतोष गंगवार, झाड़ग्राम के विधायक पद्यश्री कालीपद सोरेन मंच पर मौजूद रहेंगे। यहां राष्ट्रपति संथाली भाषा की ओलचिकी लिपि के 100 साल पूरा होने मनाए जा रहे शताब्दी समारोह में शामिल होंगी। इससे संबंधित होने वाले कार्यक्रम में 100 लोगों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें 12 को राष्ट्रपति स्वयं सम्मानित करेंगी।

