Punjab Ex-CM Rajinder Kaur Bhattal Makes Explosive Claim, Says Officers Proposed Blasts to Repeat Government
पंजाब की EX-CM रजिंदर कौर भट्ठल के एक बयान ने पंजाब की राजनीति में नई चर्चा शुरू कर दी। भट्ठल ने सनसनीखेज दावा किया है कि जब वो CM थी तब अफसरों ने उन्हें सरकार रिपीट करने के लिए एक घटिया प्रपोजल दी थी।
.
उन्होंने अफसरों की इस प्रपोजल को सिरे से नकार दिया था। भट्ठल ने कहा कि अफसरों ने कहा था कि सरकार रिपीट करने के लिए बाजारों व ट्रेनों में धमाके करवा कर दहशत फैलाएंगे।
लोगों को डराएंगे और फिर डराकर मर्जी से वोट डलवाएंगे। भट्ठल ने कहा कि जैसे ही अफसरों ने ये प्रपोजल रखी वैसे ही मैंने उन्हें टोक दिया। अफसरों को साफ कह दिया था कि वो लाशों पर राजनीति नहीं करेंगी।
छोटी सी घटना हुई तो अफसर होंगे जिम्मेदार
रजिंदर कौर भट्ठल का कहना है कि उन्होंने साफ कर दिया था कि अगर इलेक्शन से पहले छोटी सी भी घटना हुई तो उनकी जिम्मेदारी फिक्स की जाएगी और उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।
अफसर हर तरह की सलाह देते हैं
रजिंदर कौर भट्ठल ने कहा कि अफसर मुख्यमंत्री को सलाह देते हैं। अफसर अलग-अलग तरह की सलाह देते हैं उसे मानना या न मानना वो अपनी मर्जी होती है। मुझे जब अफसरों ने इस तरह की सलाह दी थी तब अफसरों को जमकर फटकार लगाई थी।
1996 नवंबर से फरवरी 1997 तक रही CM
रजिंदर कौर भट्ठल 21 नवंबर 1996 को मुख्यमंत्री बनी थी। वो पंजाब की एकमात्र मुख्यमंत्री रही। उन्हें हरचरण सिंह बराड़ के इस्तीफे के बाद उन्हें मुख्यमंत्री बनाया गया। 11 फरवरी 1997 तक वो मुख्यमंत्री रही।
भट्ठल के दावे पर कांग्रेस फंसी
रजिंदर कौर भट्ठल का यह दावा जैसे ही सामने आया तो पुनरसुरजीत अकाली दल के अध्यक्ष व पूर्व जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कांग्रेस पार्टी पर ही सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने कहा कि रजिंदर कौर भट्ठल एक सीनियर नेता हैं और वो मुख्यमंत्री रही हैं।
उन्होंने जो कहा है उससे साफ है कि पंजाब में कांग्रेस ने किस तरह से सरकारें बनाई हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अफसरों के जरिए पंजाब में दहशदगर्दी फैलाई है। ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कहा कि जब जब कांग्रेस की सरकार बनी है उस समय के अफसरों की जांच होनी चाहिए।
भट्ठल अफसरों के नाम करे सार्वजनिक
कांग्रेस के प्रवक्ता दुर्लभ सिद्धू का कहना है कि उन अफसरों का नाम सामने आना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह बात कांग्रेस पार्टी की बैठक में नहीं हुई थी। रजिंदर कौर भट्ठल साफ कह रही हैं कि उनके पास अफसर थे और कुछ उनके सलाहकार बैठे थे।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के बारे में लोगों को पता चलना चाहिए कि आखिरकार वो देशद्रोह करने वाले अफसर कौन थे। सिद्धू ने कहा कि इससे कांग्रेस पार्टी का कोई लेना देना नहीं है। अफसर अकाली सरकार में भी वही थे और कांग्रेस में भी।
भट्ठल के बयान कांग्रेस की सोच को जाहिर किया
भाजपा प्रवक्ता अनिल सरीन ने कहा कि भट्ठल को चाहिए था कि जब अफसरों ने ऐसी सलाह दी थी तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते। उनका नाम सार्वजनिक करते। उन्होंने कहा कि भट्ठल के बयान से कांग्रेस की सोच जाहिर हो गई है।

