Rahul rebukes Digvijaya Singh for praising RSS | RSS की तारीफ पर दिग्विजय सिंह को राहुल का तंज: बोले- आपने गलत किया; पूर्व CM ने मोदी की जमीन पर बैठे तस्वीर शेयर की थी

Rahul rebukes Digvijaya Singh for praising RSS | RSS की तारीफ पर दिग्विजय सिंह को राहुल का तंज: बोले- आपने गलत किया; पूर्व CM ने मोदी की जमीन पर बैठे तस्वीर शेयर की थी


नई दिल्ली4 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

राहुल और दिग्विजय के बीच रविवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में मुलाकात हुई। (फाइल फोटो)

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को RSS और भाजपा की तारीफ को लेकर तंज कसा। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ में पार्टी के स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान दोनों नेता आमने-सामने हुए।

NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, दिग्विजय सिंह से हाथ मिलाते समय राहुल गांधी ने उन्हें मजाकिया लहजे में कहा, ‘कल आपने गलत व्यवहार कर दिया।’ यह सुनकर आसपास मौजूद नेताओं की हंसी छूट गई। वहां सोनिया गांधी भी मौजूद थीं। वे भी हंसने लगीं। फिर राहुल और दिग्विजय के बीच थोड़ी देर बातचीत हुई।

दरअसल, दिग्विजय सिंह ने 27 दिसंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए RSS और BJP के संगठनात्मक ढांचे की सराहना की थी। तस्वीर में नरेंद्र मोदी और लालकृष्ण आडवाणी दिखाई दे रहे हैं।

अपने पोस्ट में दिग्विजय सिंह ने लिखा था- यह बहुत ही प्रभावशाली तस्वीर है। किस प्रकार RSS का जमीनी स्वयं सेवक और भाजपा का कार्यकर्ता नेताओं की चरणों में फर्श पर बैठकर प्रदेश का मुख्यमंत्री और देश का प्रधानमंत्री बना। यह संगठन की ताकत को दिखाता है।

दिग्विजय सिंह ने यह तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें आडवाणी कुर्सी पर बैठे हैं, जबकि मोदी उनके सामने जमीन पर बैठे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने दिग्विजय सिंह की आलोचना की

दिग्विजय सिंह के पोस्ट के बाद पार्टी के भीतर उनकी आलोचना होने लगी। उधर, कांग्रेस स्थापना दिवस के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिग्विजय का नाम लिए बिना कहा- कांग्रेस ने कभी संविधान, धर्मनिरपेक्षता और गरीबों के अधिकारों से समझौता नहीं किया है।

खड़गे ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने कभी धर्म के नाम पर वोट नहीं मांगे और न ही मंदिर-मस्जिद के नाम पर नफरत फैलाई। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने दिग्विजय के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि कांग्रेस को गोडसे की विचारधारा से जुड़े संगठन से कुछ सीखने की जरूरत नहीं है।

कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने कहा- RSS नफरत के आधार पर बना एक संगठन है और यह नफरत फैलाता है। नफरत से कुछ सीखने को नहीं मिलता। क्या आप अल-कायदा से कुछ सीख सकते हैं? अल-कायदा नफरत फैलाने वाला संगठन है। उस संगठन से क्या सीखा जा सकता है?

दिग्विजय की सफाई- RSS-मोदी की नीतियों का घोर विरोधी हूं

इधर, विवाद बढ़ने के बाद दिग्विजय सिंह ने अपनी सफाई में कहा कि उन्होंने सिर्फ संगठन की तारीफ की थी। उन्होंने कहा- मैं संगठन का समर्थन करता हूं। मैं RSS, PM मोदी और उनकी नीतियों के खिलाफ हूं

ANI से बातचीत में दिग्विजय सिंह ने कहा- विचारधारा को लेकर कोई मतभेद नहीं है। हम सभी कांग्रेस में एकजुट हैं। नेहरू-गांधी परिवार ऐसा परिवार है, जिसमें दो लोगों ने शहादत दी है। भाजपा नेहरू-गांधी परिवार के भीतर मतभेद पैदा करने की कोशिश कर रही है।

भाजपा बोली- दिग्विजय सिंह ने RSS की ताकत को समझा

भाजपा के कई नेताओं ने दिग्विजय सिंह के बयान की सराहना की। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिग्विजय सिंह के बयान का स्वागत किया। उन्होंने कहा- RSS लगातार सामाजिक समानता और राष्ट्रीय प्रगति के लिए काम करता रहा है। धीरे-धीरे लोग समझ रहे हैं कि RSS देश को आगे ले जाने का प्रयास कर रहा है, इसलिए उसके आलोचक भी उसकी सराहना कर रहे हैं।

भाजपा नेता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा- दिग्विजय सिंह ने संगठन की ताकत को समझा है, लेकिन कांग्रेस अब भी इसे नहीं समझ पाई है। कांग्रेस एक ही परिवार तक सीमित है और पार्टी में फैसले लेने का अधिकार भी उसी परिवार के पास है। संगठन के लिए काम करने वाले लोगों को पहचान और आगे बढ़ने का मौका मिलना चाहिए, जो कांग्रेस में नहीं दिखता।

—————————

भाजपा-कांग्रेस से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें…

शाह बोले- राहुल थकिए मत, आपको तमिलनाडु-बंगाल में भी हारना है, डेवलपमेंट की पॉलिटिक्स नहीं समझते, इसलिए बार-बार चुनाव हारते हैं

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की चुनावों में बार-बार हार डेवलपमेंट की पॉलिटिक्स न समझ पाने का नतीजा है। उन्होंने कहा- राहुल आप अभी से थकिए मत, आगे भी हारना है। आप पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में भी चुनाव हारेंगे। 2029 में पीएम मोदी के नेतृत्व में BJP एक बार फिर सत्ता में लौटेगी। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!