Rajasthan, Delhi, MP, UP, Maharashtra, Mumbai
- Hindi News
- National
- Breaking News LIVE Updates: Rajasthan, Delhi, MP, UP, Maharashtra, Mumbai
48 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर एक लावारिस कार के अंदर एक महिला सहित तीन लोग मृत पाए गए। पुलिस ने बताया कि फ्लाईओवर पर खड़ी एक कार के बारे में एक PCR कॉल मिली थी।
उन्होंने बताया कि फोरेंसिक टीम को सूचित किया गया और इलाके को सील कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, मृतकों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि शवों पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले और सभी कीमती सामान सुरक्षित थे।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
महाराष्ट्र के भिवंडी में कंपनी में आग लगी, किसी जनहानि की सुचना नहीं
महाराष्ट्र के भिवंडी स्थित हरिहर कंपाउंड की एक कंपनी में रविवार को आग लग गई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फायर ऑफिसर सचिन सावंत के मुताबिक सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम जारी है।
कर्नाटक विजयपुरा में ट्रेनिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त, कैप्टन व ट्रेनी घायल
कर्नाटक के विजयपुरा जिले के बाबलेश्वर तालुक के मंगलूर गांव में रविवार को रेड बर्ड एविएशन का निजी ट्रेनिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में कैप्टन और एक ट्रेनी पायलट सवार थे, दोनों को गंभीर चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। यह विमान कलबुर्गी से बेलगावी जा रहा था। उड़ान के दौरान इंजन में अचानक खराबी आ गई, जिससे पायलट कंट्रोल खो बैठे और खेत में क्रैश लैंडिंग हो गई।
विमान सीसना 172 मॉडल का दो सीटर ट्रेनिंग प्लेन था। शुरुआती जांच में इंजन फेलियर या फ्यूल की कमी हादसे का कारण लग रही है। बाबलेश्वर पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
दिल्ली के मंगोलपुरी में सिलेंडर फटा, 4 लोग घायल
दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक घर में सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं। दिल्ली फायर सर्विसेज के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। हादसा रविवार को हुआ। दोपहर 1:15 बजे सिलेंडर फटने की सूचना मिली। तुरंत एक फायर टेंडर मौके पर भेजी गई। अधिकारी ने बताया कि आग को महज 15 मिनट में पूरी तरह बुझा लिया गया। हमारी टीमों ने घर से चार घायलों को सुरक्षित निकाला। सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
बाथरूम में गीजर फटने से निजामुद्दीन दरगाह के सज्जादानशीन की मौत
दिल्ली हजरत निजामुद्दीन दरगाह के सज्जादानशीन सैयद मोहम्मद निजामी की मौत हो गई। निजामी शनिवार को बाथरूम में थे, जब गीजर फटने से वहां आग लग गई। स्थानीय लोग और दरगाह प्रशासन के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर दिया।
पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई है।
भारत टैक्सी का एयरपोर्ट्स अथॉरिटी के साथ एग्रीमेंट, एयरपोर्ट पर तय दरों वाली कैब सर्विस शुरू होगी
एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने हाल ही में लॉन्च हुई देश की पहली सरकारी कैब सर्विस भारत टैक्सी के साथ एग्रीमेंट (MoU) साइन किया है। इसके तहत भारत टैक्सी देश के कई एयरपोर्ट्स पर कैब सेवाएं देगी।
AAI के चेयरमैन विपिन कुमार ने MoU का आदान-प्रदान किया। इस समझौते का मकसद एयरपोर्ट्स पर यात्रियों को सही किराया, तय दरों और सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराना है। भारत टैक्सी, सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा संचालित एक ड्राइवर-ओनर्ड सेवा है, जिसमें टैक्सी चालक स्वयं कोऑपरेटिव के सदस्य होते हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, इस पहल से एयरपोर्ट पर कैब सेवाओं में पारदर्शिता, किराए की स्पष्टता और यात्री-अनुकूल अनुभव सुनिश्चित होगा। साथ ही, ड्राइवरों को भी संगठित प्लेटफॉर्म के जरिए स्थिर और सम्मानजनक रोजगार मिलेगा।
AAI का कहना है कि यह साझेदारी यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ समावेशी परिवहन मॉडल को बढ़ावा देगी। आने वाले समय में इस व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से विभिन्न एयरपोर्ट्स पर लागू किया जाएगा।
मुंबई स्कूल में 5 साल की बच्ची से छेड़छाड़: चपरासी गिरफ्तार, स्कूल का CEO फरार
मुंबई के मालाड इलाके के एक स्कूल में 5 साल की बच्ची से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में स्कूल के चपरासी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि स्कूल का CEO फरार बताया जा रहा है। घटना कुछ दिन पहले स्कूल कैंपस में हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, बच्ची ने घटना की जानकारी अपनी मां को दी। इसके बाद मां ने स्कूल प्रशासन से आरोपी चपरासी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जब स्कूल प्रबंधन ने कोई कदम नहीं उठाया, तो पीड़िता की मां पुलिस के पास पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने चपरासी और स्कूल के CEO के खिलाफ मामला दर्ज किया। आरोप है कि घटना के बाद भी स्कूल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई नहीं की। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी चपरासी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और POCSO एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
नासिक में नगर निगम ऑफिस में लिफ्ट का केबल टूटा, 18 लोग फंसे, ग्राउंड और पहली मंजिल के बीच अटकी
महाराष्ट्र के नासिक जिले के मालेगांव नगर निगम ऑफिस में शनिवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। क्षमता से ज्यादा लोगों से भरी एक लिफ्ट का केबल टूट गया, जिससे वह पांचवी मंजिल से तेजी से नीचे आई और ग्राउंड और पहली मंजिल के बीच अटक गई।
लिफ्ट में ISLAM पार्टी के अध्यक्ष आसिफ शेख सहित 18 लोग सवार थे। हालांकि किसी को चोट नहीं आई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और नगर निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लिफ्ट का दरवाजा तोड़कर अंदर फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
लिफ्ट जमीन पर गिरती तो बड़ा हादसा हो सकता था। अधिकारी के मुताबिक, मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के बाद ISLAM पार्टी के अध्यक्ष आसिफ शेख अपने समर्थकों के साथ चौथी मंजिल से बाहर निकल रहे थे।
आसिफ शेख जैसे ही आम लिफ्ट में चढ़े, उनसे प्रतिक्रिया लेने के लिए कुछ पत्रकार भी लिफ्ट में आ गए। इसके बाद उनके और समर्थक भी अंदर घुस गए। लिफ्ट की क्षमता 10 लोगों की थी, लेकिन उसमें कुल 18 लोग सवार हो गए। अधिक भार के कारण लिफ्ट का केबल टूट गया।

