Road accident in Godda, two youths died | गोड्डा में सड़क हादसा, दो युवकों की मौत: अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, एक युवक हुआ घायल – Godda News
गोड्डा जिले के बलबड्डा थाना क्षेत्र के धोरीचक मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक अज्ञात वाहन और बाइक के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
.
स्थानीय लोग बड़ी संख्या में जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरने के बाद कई मीटर तक घसीटते चले गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभालने की कोशिश की।
पिंटू मंडल और अमित कुमार की मौत
हादसे में पिंटू मंडल (25 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वह बिहार के शादी सिमानपुर के रहने वाला था। पिता का नाम गीरज मंडल है। उसी गांव के रहने वाले उनके साथी अमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
तीसरा युवक संदीप कुमार मंडल भी शादी सिमानपुर का निवासी है और हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम का माहौल फैल गया। दोनों मृतक युवक परिवार के कमाऊ सदस्य बताए जा रहे हैं।
घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया
स्थानीय लोगों ने जैसे ही हादसा देखा, तुरंत इसकी सूचना बलबड्डा थाना पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहरमा पहुंचाया गया। वहां मौजूद डॉ. विवेक कुमार ने तीनों युवकों का प्राथमिक उपचार किया। घायल युवकों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गोड्डा रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान अमित कुमार की मौत हो गई।
बलबड्डा थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि यह हादसा एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुआ है। वाहन चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए गोड्डा भेज दिया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

