Said, both were born to live abroad, they would have come before the public only at the time of elections. | ‘राहुल-तेजस्वी एंटरटेनमेंट नेता’-विधायक: कहा, दोनों विदेश में रहने के लिए पैदा हुए हैं, चुनाव के समय ही जनता के सामने आते – Buxar News
भाजपा विधायक मिथलेश तिवारी ने सोमवार को बक्सर दौरे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधा।
.
गोपालगंज के बैकुंठपुर से विधायक तिवारी ने दोनों नेताओं को ‘एंटरटेनमेंट का नेता’ बताते हुए कहा कि वे सिर्फ चुनाव के समय ही जनता के सामने आते हैं।
तिवारी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव जैसे नेता चुनावों को गंभीरता से नहीं लेते। उनके अनुसार, ये नेता विदेश में रहने के लिए ही पैदा हुए हैं और चुनाव में केवल ‘मनोरंजन’ के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार और देश की जनता एक स्थायी, मजबूत और विकास करने वाली सरकार चाहती है।
भाजपा विधायक मिथलेश तिवारी।
नए साल और मनोरंजन के नाम पर विदेश चले जाते विपक्षी नेता
विधायक ने यह भी कहा कि नए साल और मनोरंजन के नाम पर विपक्षी नेता विदेश चले जाते हैं, जिससे उनका जनता के मुद्दों से कोई सरोकार नहीं रहता। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता ने ‘विदेशी पद्धति’ को न तो कभी स्वीकार किया है और न ही आगे करेगी।
मिथलेश तिवारी ने विपक्ष पर मानसिक संतुलन खोने का आरोप लगाते हुए कहा कि बीते 20 वर्षों से सत्ता से बाहर रहने के कारण विपक्ष ‘माथा खराब’ हो गया है। उन्होंने दावा किया कि लगातार हार और जनता का भरोसा खोने के चलते विपक्षी नेता उलूल-जुलूल बयान दे रहे हैं।
तिवारी ने यह भी बताया कि विपक्ष के कई विधायक मौजूदा राजनीतिक हालात से असंतुष्ट हैं और सत्ता पक्ष में आने की इच्छा जता रहे हैं।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन पूरी तरह से मजबूत और संगठित
एनडीए की एकजुटता पर जोर देते हुए मिथलेश तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन पूरी तरह से मजबूत और संगठित है। उन्होंने कहा कि एनडीए में किसी तरह का मतभेद नहीं है और जनता ने चुनावों में उनकी एकजुटता का परिणाम देखा है।
तिवारी ने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में भी एनडीए को जनता का भरपूर समर्थन मिलेगा।
बता दें कि मिथलेश तिवारी इससे पहले बक्सर लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी रह चुके हैं और वर्तमान में गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। बक्सर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
गाजे-बाजे से कार्यकर्ताओं ने विधायक का किया अभिनंदन
गाजे-बाजे, फूल-मालाओं और नारों के साथ कार्यकर्ताओं ने विधायक का अभिनंदन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर भी चर्चा की।

