Sirsa-Dabwali Company Defrauded 1.50 Crore Rupees Police Case | डबवाली में कंपनी से 1.50 करोड़ की ठगी: 29 ट्रैक्टर लोन पर निकलवाकर गायब किए, रिलेशनशिप मैनेजर समेत 3 नामजद – dabwali News
हरियाणा के डबवाली क्षेत्र में ट्रैक्टर लोन के नाम पर करीब 1.50 करोड़ रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। मोहाली स्थित कंपनी CNH Industrial Capital (India) Pvt. Ltd. के साथ यह ठगी खुद कंपनी के रिलेशनशिप मैनेजर ने अपने साथियों के साथ मिलकर की। पुल
.
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर कंपनी के अधिकृत डीलर से 29 ट्रैक्टर लोन पर निकलवाए। बाद में ये ट्रैक्टर न तो संबंधित खरीदारों को मिले और न ही उनकी कोई जानकारी सामने आई। जब लोन की किश्तें टूटने लगीं, तब कंपनी को पूरे मामले की भनक लगी।
इस मामले में CNH Industrial Capital के कलेक्शन स्टेट हेड जसवीर यादव (निवासी हिसार) की शिकायत पर डबवाली शहर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। शिकायत की जांच पहले आर्थिक अपराध शाखा (EOW) को सौंपी गई थी।
किस्त टूटने पर खुला घोटाले का राज
लोन की किश्त डिफॉल्ट होने के बाद कंपनी के अधिकारी जब बताए गए खरीदारों के पते पर पहुंचे तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ—कई लोगों ने कहा कि उन्होंने कभी ट्रैक्टर खरीदा ही नहीं जबकि कुछ पते फर्जी निकले, वहां कोई मौजूद नहीं मिला। कई मामलों में सिर्फ आधार और पैन कार्ड का दुरुपयोग किया गया था।
ये हैं नामजद आरोपी
पुलिस द्वारा दर्ज FIR में जिन लोगों को नामजद किया गया है उनमें सूर्य प्रकाश निवासी गांव रिसालियाखेड़ा कंपनी का रिलेशनशिप मैनेजर है। कुलदीप सिंह निवासी ढाणी राम सिंह, ऐलनाबाद, सह-आरोपी, वीरेंद्र उर्फ डायमंड, गांव जोधकां सह-आरोपी है।
31 जुलाई 2023 से 23 मई 2024 के बीच हुआ फर्जीवाड़ा
जांच में सामने आया है कि 31 जुलाई 2023 से 23 मई 2024 के बीच आरोपियों ने डबवाली के सिरसा रोड स्थित न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर एजेंसी (सिद्धू ट्रेडिंग कंपनी) से 29 ट्रैक्टर निकलवाए।
एजेंसी मालिक इंद्रजीत सिंह सिद्धू (निवासी गांव महुआना, जिला श्री मुक्तसर साहिब) को भी जांच में शामिल किया गया है।
छोटा लोन दिलाने का झांसा, आधार-पैन का दुरुपयोग
आरोप है कि आरोपियों ने ग्रामीणों को छोटा-मोटा लोन दिलाने का झांसा दिया और उनके आधार कार्ड व पैन कार्ड का इस्तेमाल कर ट्रैक्टर लोन पास करवाया। बाद में ट्रैक्टर गायब कर दिए गए।
असली लोगों को कर्ज का पता तक नहीं चला। कंपनी को करीब 1.50 करोड़ का नुकसान हुआ। ऐलनाबाद में भी ऐसा ही एक मामला दर्ज है। कंपनी के स्टेट हेड के अनुसार, ऐलनाबाद में भी इसी तरह का एक और मामला दर्ज है। 20 मई 2025 को ऐलनाबाद थाने में इस तरह की ठगी का केस दर्ज हो चुका है, जो फिलहाल विचाराधीन है। पुलिस जांच जारी
डबवाली पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। दस्तावेजों, बैंक रिकॉर्ड और ट्रैक्टरों की लोकेशन को खंगाला जा रहा है। जल्द ही और नाम सामने आने व गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

