Sirsa Rapido Service Included Sirsa Women Apply 13 March Government Scheme Launched Driver Rider Dropped Destination Home
प्रदेश में हरियाणा सरकार महिलाओं को मोबिलिटी सेवा से जोड़ने की पहल करने जा रही है। इसे लेकर महिलाओं से आवेदन करवाएं जाएंगे, जिसकी अंतिम तिथि 13 मार्च रखी है। इस योजना में प्रथम चरण में सिरसा जिले को भी शामिल किया है। इसके जरिए सिरसा शहर में बहुत जल्द
.
खास बात है कि इसकी चालक भी महिलाएं ही होंगी। सरकार की महिला ‘रैपिडो सर्विस’ पहल का उद्देश्य स्वरोजगार को बढ़ावा और महिलाओं को मोबिलिटी क्षेत्र में और अधिक अवसर प्रदान करना है, जिसकी शुरुआत 19 मार्च से होने जा रही है। अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग समुदाय की महिलाओं को चयन प्रक्रिया में प्राथमिकता रहेगी। योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें आधुनिक तकनीक से जुड़े रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना है। चयनित महिलाओं को मोबिलिटी प्लेटफॉर्म से जोडक़र दोपहिया वाहन के माध्यम से राइडर के रूप में कार्य करने का अवसर दिया जाएगा। इससे महिलाओं को नियमित आय का साधन मिलेगा और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
प्रतीकात्मक फोटो
सिलसिलेवार ढंग से जानिएं पूरी योजना के बारे में
इन जिलों को किया शामिल
सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अनुसूचित जाति-पिछड़ा वर्ग कल्याण (अंत्योदय) विभाग द्वारा महिलाओं को रोजगार से जोडऩे की दिशा में एक नई पहल के लिए पात्र महिलाओं से आवेदन आमंत्रित किए हैं। विभाग द्वारा सिरसा, सोनीपत, करनाल, पंचकूला, गुरुग्राम, फरीदाबाद और अंबाला जिलों की महिलाओं को इस योजना में शामिल किया जाएगा।
इसके माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर मिलेगा और वे मोबिलिटी सेवाओं के माध्यम से अपनी आय बढ़ा सकेंगी। इस पहल की औपचारिक शुरुआत हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा आगामी 19 मार्च को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में की जाएगी।
ड्राइविंग लाइसेंस व चालक अनुभव जरूरी पात्र महिला के पास दोपहिया वाहन चलाने का वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना आवश्यक है और उस पर किसी प्रकार का निलंबन या अयोग्यता नहीं होनी चाहिए। महिला को दोपहिया वाहन चलाने का कम से कम एक से दो वर्ष का अनुभव होना वांछनीय है। आवेदक की आयु 18 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा वह जिले की निवासी होनी चाहिए। इसके साथ ही महिला को मोबाइल एप्लिकेशन और नेविगेशन टूल का उपयोग करने की जानकारी होना जरूरी है, ताकि वह मोबिलिटी सेवा से जुड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आसानी से कार्य कर सके।
13 मार्च तक करें आवेदन चयन प्रक्रिया ‘फस्र्ट कम, फर्स्ट सर्व’ के आधार पर होगी। इसलिए समय रहते आवेदन करना बेहतर है, आवेदन करने की अंतिम तिथि 13 मार्च निर्धारित की गई है। इच्छुक महिलाएं पंजीकरण तथा अन्य जानकारी के लिए जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकती हैं। जिला कल्याण अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि यह पहल महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और प्रदेश में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। शुरुआती चरण में यह योजना सिरसा शहर के लिए लागू की जा रही है।

