Sonipat Commando Kajal Murder | Husbands Conspiracy Revealed

Sonipat Commando Kajal Murder | Husbands Conspiracy Revealed


सोनीपत12 घंटे पहलेलेखक: राम सिंहमार

  • कॉपी लिंक

एक साल पहले काजल ने अपने भाई की शादी में डांस किया था।-फाइल

हरियाणा में सोनीपत जिले की रहने वाली दिल्ली पुलिस की कमांडो काजल की हत्या के मामले में नए खुलासे हो रहे हैं। काजल की मां ने आरोप लगाया कि शादी से पहले काजल के पति अंकुर के दूसरी लड़कियों से अवैध संबंध थे। यह बात काजल को बताई थी, लेकिन फिर भी उसने अंकुर से शादी की। इसके अलावा, अंकुर के परिवार के लोग शादी के बाद गाड़ी और डेढ़ लाख रुपए चाहते थे, इसके लिए भी काजल को परेशान किया गया।

मां ने यह भी कहा कि ससुरालवालों के गलत व्यवहार के कारण ही काजल अंकुर के साथ गन्नौर छोड़कर दिल्ली में रहने लगी थी। बावजूद इसके अंकुर अपने परिवार की आर्थिक मदद करता था। यह बात काजल को पसंद नहीं थी। काजल को अंकुर के पेपर लीक कराकर पैसे कमाने वाले कारनामों का भी पता था। मीना का आरोप है कि इन्हीं चार कारणों की वजह से काजल की हत्या की गई है।

22 जनवरी को अंकुर ने काजल के सिर पर डंबल से वार किया था। अंकुर ने काजल के भाई निखिल को फोन कर कहा कि यह मेरे से मर गई, तू फटाफट दिल्ली आ जा। 4 दिन अस्पताल में इलाज चलने के बाद 27 जनवरी को काजल की मौत हो गई थी। दिल्ली पुलिस इस मामले में अंकुर को गिरफ्तार कर चुकी है। शुक्रवार को काजल की अस्थियों को गंगा में विसर्जित किया गया है।

दिल्ली पुलिस की कमांडो की वेशभूषा में मृतका काजल का फाइल फोटो।

कमांडो काजल की मां ने हत्या के चार कारण बताए …

1. दहेज की मांग और परिवार की नापसंदगी: काजल की मां मीना ने बताया कि अंकुर का परिवार शादी के पहले दिन से ही काजल को पसंद नहीं करता था। परिवार को उम्मीद थी कि उन्हें दहेज में गाड़ी और तिलक की रस्म में डेढ़ लाख रुपए नकद मिलेंगे। परिवार ने अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार ही बेटी की शादी की, लेकिन गाड़ी और नकद रकम न मिलने के कारण ससुराल पक्ष लगातार ताने मारता रहा।

इसी बात को लेकर काजल को मानसिक और भावनात्मक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। काजल ने जब यह बातें अपने पति अंकुर को बताईं और परिवार से अलग रहने की बात कही, तो अंकुर ने शुरुआत में तीन से चार बार मना किया, लेकिन जब विवाद ज्यादा बढ़ गया, तब दोनों दिल्ली के द्वारका स्थित फ्लैट में रहने चले गए।

2. परिवार से अलग रहने के बावजूद मदद: मीना ने आगे बताया कि परिवार से अलग रहने के बावजूद अंकुर अपने माता-पिता और भाई को हर तरह की आर्थिक मदद देता रहा। इस बात को लेकर काजल लगातार विरोध करती थी। काजल बताती थी कि जिन लोगों ने उसके साथ इतना बुरा व्यवहार किया, उनके लिए अंकुर का अलग न होना उसे अंदर ही अंदर तोड़ रहा था। काजल की सारी सैलरी लोन में लगवाई हुई थी।

22 जनवरी को अंकुर ने अपने पिता को दिल्ली बुलाया। उसी दिन छोटे भाई की शादी के लिए करीब 15 लाख रुपए की ज्वेलरी खरीदी। इसके अलावा, उसी रात अंकुर ने अपने भाई को 7 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर भी किए। ज्वेलरी खरीदने और पैसे ट्रांसफर करने को लेकर काजल ने विरोध जताया, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई।

काजल की डेढ़ साल के बेटे देवांश के साथ फाइल फोटो।

3. शादी से पहले और बाद के अफेयर: मां मीना ने बताया कि साल 2023 में जब काजल और अंकुर की शादी की बात चल रही थी, तब परिवार ने अंकुर के बारे में जानकारी जुटाई थी। कुछ दोस्तों ने बताया था कि अंकुर के अन्य लड़कियों के साथ भी संबंध थे। यह बात काजल को बताई गई, लेकिन काजल ने साफ कहा था कि अंकुर उसके साथ अच्छा व्यवहार करता है और वह उसी से शादी करेगी। शादी के बाद भी अंकुर ज्यादातर समय घर से बाहर ही बिताता था, जिससे रिश्तों में और खटास आती चली गई।

4. पेपर लीक और काले कारनामों का खुलासा: मीना ने आरोप लगाया कि काजल अपने पति अंकुर के पेपर लीक से जुड़े काले कारनामों की पूरी जानकारी रखती थी। अंकुर ने अपने दोस्त के साथ मिलकर उत्तराखंड के रुड़की में एक कंप्यूटर लैब खोली हुई थी। इसी लैब के माध्यम से सरकारी नौकरियों के पेपर लीक कर लोगों को पास करवाया जाता था।

लैब को तैयार करने के दौरान व्हाइट वॉश कर रहे एक युवक की मौत भी हो गई थी। इस मामले में पुलिस केस दर्ज हुआ था, लेकिन अंकुर ने पैसे देकर मामला रफा-दफा करवा लिया और बाहर आ गया। जब भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा होता, काजल मजाक में यह बात कह देती थी कि वह उस केस से बच तो गया है, लेकिन अगर उसके साथ कुछ हुआ तो वह पुलिस में शिकायत कर देगी। इस पर अंकुर उसे धमकी देता था कि पुलिस में उसकी अच्छी सेटिंग है और वह कुछ भी कर सकता है।

काजल और अंकुर की 2023 में शादी हुई थी।-फाइल फोटो

अब जानिए काजल की हत्या कैसे हुई…..

20 जनवरी को गन्नौर से दिल्ली गए मीना ने बताया कि काजल 19 जनवरी को अपने मायके, बड़ी गांव आई थी। उसे 26 जनवरी की ड्यूटी के बारे में एक फोन आया। 20 जनवरी को अंकुर भी गन्नौर आया और दोनों साथ में ड्यूटी के लिए रवाना हुए। शाम को वे दोनों साथ लौटे। काजल ने बताया कि वे वापस दिल्ली जा रहे हैं, क्योंकि अंकुर ने कहा कि 26 जनवरी की ड्यूटी कभी भी लग सकती है, इसलिए दिल्ली में ही रहना ठीक रहेगा।

काजल रोजाना आना-जाना चाहती थी, लेकिन अंकुर ने योजना के तहत रात को द्वारका स्थित फ्लैट पर जाने की बात कही। इससे पहले, उन्होंने अपने बेटे देवांश को अंकुर के माता-पिता के पास छोड़ दिया। 21 जनवरी को काजल ड्यूटी पर गई और 22 जनवरी को भी ड्यूटी से लौटने के बाद शाम 6 बजे अपनी मां से वीडियो कॉल पर बात की। उस समय वह वर्दी में थी और उसने बताया कि अंकुर आने वाला है।

डंबल से वार किए, पांचवें दिन मौत मीना ने बताया कि 22 जनवरी की ही रात को काजल और अंकुर का विवाद हो गया। रात करीब 10 बजे अंकुर ने गुस्से में आकर काजल के सिर पर डंबल से वार कर दिए। हमले के बाद अंकुर ने खुद काजल के भाई निखिल को फोन कर बताया कि उसने काजल को डंबल मारे हैं और उसे अस्पताल लेकर जा रहा है।

काजल को पहले दिल्ली के पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसे चार दिनों तक रखा गया। डॉक्टरों ने परिवार को केवल इतना बताया कि उसकी हार्ट बीट कम है। जब उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ, तो उसे पांचवें दिन यानी 27 जनवरी को गाजियाबाद के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने काजल को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद, दिल्ली पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया और शव को परिवार को सौंप दिया।

छुट्टी की एप्लीकेशन भी नहीं की जमा मीना ने बताया कि काजल 5 महीने की प्रेग्नेंट थी। उसके भाई निखिल को बेटी हुई थी। निखिल की पत्नी के जापे (मां-बच्चे की देखभाल) के लिए काजल ने छुट्टी की एप्लिकेशन लिखकर अपने पति अंकुर को दी थी, ताकि वह उसे हेडक्वार्टर में जमा करवा दे, लेकिन हत्या के बाद जब अधिकारी मौके पर पहुंचे, तो संबंधित अफसरों ने बताया कि उनके पास कोई भी एप्लिकेशन जमा नहीं हुई थी।

काजल का भाई निखिल अंकुर के फोन करने के बारे में जानकारी देता हुआ।

अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियां मीना ने बताया कि अंकुर ने पेपर लीक के अवैध धंधे से बहुत पैसा कमाया। उसने इसी पैसे से अपने छोटे भाई की होने वाली दुल्हन के लिए लगभग 15 लाख रुपए की ज्वेलरी खरीदी। इसके अलावा, उसने दिल्ली के द्वारका में एक फ्लैट, गन्नौर में 324 गज का लगभग 55 लाख रुपए का प्लॉट अपने छोटे भाई के नाम पर खरीदा, और रुड़की में 112 गज का प्लॉट अपने बेटे के नाम पर लिया। रुड़की में प्लॉट खरीदने के लिए वह 19 जनवरी को अपने बेटे का आधार कार्ड बनवाने भी ले गया था। एक क्लर्क की नौकरी में रहते हुए इतनी संपत्ति बनाना संदेह पैदा करता है।

पढ़ाई, खेल और कला में अव्वल थी काजल मां मीना ने बताया कि काजल शुरू से ही पढ़ाई में तेज थी। पांचवीं से दसवीं तक नवोदय विद्यालय में अपने भाई के साथ हॉस्टल में पढ़ी। पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी उसकी गहरी रुचि थी। स्कूल समय में उसने नेशनल लेवल पर बास्केटबॉल में 5 से 6 गोल्ड और सिल्वर मेडल जीते थे। काजल को डांस और गाने का भी शौक था। एक साल पहले अपने भाई की शादी में उसने जमकर डांस किया था। वह सिलाई-कढ़ाई जैसे घरेलू काम भी अच्छे से जानती थी।

——————————-

ये खबर भी पढ़ें :-

दिल्ली पुलिस की लेडी कमांडो की डंबल मारकर हत्या:5 माह की प्रेग्नेंट, सोनीपत में साले को फोन कर कहा- मेरे से यह मर गई

हरियाणा के सोनीपत की रहने वाली दिल्ली पुलिस में तैनात लेडी कमांडो की उसके पति ने सिर में डंबल मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद पति ने पत्नी के भाई (साला) को फोन कर वारदात की जानकारी दी। उसने कहा- मेरे से यह मर गई है। तू फटाफट दिल्ली आ जा। पढ़ें पूरी खबर…

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!