Stone pelting and firing in Aligarh after refusing to sell a plot | अलीगढ़ में प्लॉट बेचने से मना करने पर पथराव–फायरिंग: पूर्व विधायक के भतीजे की फायरिंग से फैली दहशत, दो की हालत गंभीर; 5 हिरासत में – Aligarh News
प्लॉट के लिए पथराव और फायरिंग करने के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया।
अलीगढ़ के थाना महुआखेड़ा क्षेत्र के देवी नगला में बुधवार दोपहर प्लॉट को बेचने से इंकार किए जाने पर महीनों पुराना विवाद खूनी टकराव में बदल गया। आरोप है कि पूर्व विधायक अमर सिंह यादव के भतीजे मोहकम सिंह यादव ने अपने भाइयों और साथियों के साथ अचानक लाठी-
.
आरोपी के मकान के सामने है खाली प्लॉट
देवी नगला निवासी रोहन सिंह यादव पशुपाल हैं। उनकी मोहल्ले में ही किराने की दुकान भी है। उनके दो प्लॉट हैं, जिनमें से एक पर मकान बना है, वहीं दूसरे में मवेशी बंधे रहते हैं। आरोप है कि प्लॉट के सामने रहने वाला पूर्व विधायक का भतीजा मोहकम सिंह महीनों से खाली प्लॉट खरीदने का दबाव बना रहा था। रोहन के मना करने पर कई बार कहासुनी भी हुई थी।
जो बचाने आया, उसी को पीटा
बुधवार दोपहर रोहन का बेटा अर्जुन प्लॉट में बंधी भैंस खोलने गया था। उसी समय मोहकम सिंह अपने भाइयों और अन्य लोगों के साथ वहां पहुंच गया। आरोपियों ने पहुंचते ही अर्जुन को पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर छोटा भाई नकुल बचाने आया तो उस पर भी हमला कर दिया गया। कुछ देर बाद ताऊ का बेटा सोनपाल मौके पर पहुंचा तो उस पर भी लाठी-डंडों और फावड़े से हमला कर बेहोश कर दिया।
गोलियों की आवाज से फैली दहशत
हमले की सूचना फैलते ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते जमकर पथराव शुरू हो गया। इसी बीच मोहकम सिंह ने तमंचा निकालकर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। एक पक्ष से सोनपाल, एलानी देवी और एक युवती घायल हुईं, जबकि दूसरे पक्ष से कमल और चंदू को भी चोटें आईं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। सोनपाल की हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है।
मुख्य आरोपी सहित पांच गिरफ्तार
सीओ द्वितीय कमलेश कुमार के मुताबिक, हादसे में दो गंभीर घायलों की स्थिति अब खतरे से बाहर है। मुख्य आरोपी मोहकम सिंह समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके पास असलहा भी बरामद हुआ है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। वहीं इस मामले में रोहन के बेटे नकुल ने तहरीर देकर मोहकम और उसके भाइयों सहित आठ नामजद व करीब 15 अज्ञात आरोपी बनाए गए हैं। तहरीर में बहन के साथ भी अभद्रता करने का आरोप लगाया गया है।

