sunjay kapur property dispute rani kapur accuses priya sachdev | संजय कपूर की संपत्ति विवाद: बिजनेसमैन की मां रानी कपूर बोलीं– प्रिया ने मेरे बेटे की संपत्ति छिपाई, पैसा शायद विदेश भेजा गया है
3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
बिजनेसमैन संजय कपूर की मां रानी कपूर ने सोमवार को दिल्ली हाईकोर्ट में बेटे की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर पर कई गंभीर आरोप लगाए। अदालत में सुनवाई के दौरान रानी ने आरोप लगाया कि संजय की अचानक मौत के बाद प्रिया ने उनकी संपत्तियों पर कब्जा करने की कोशिश की।
रानी कपूर की ओर से पेश हुए सीनियर एडवोकेट वैभव गग्गर ने अदालत को बताया कि संजय कपूर की सालाना आमदनी करीब 60 करोड़ रुपए थी, लेकिन उनके बैंक खाते में सिर्फ 2 करोड़ रुपए से भी कम थे। उनके पास लगभग 1.69 करोड़ रुपए के क्रिप्टो एसेट्स भी थे।
वकील ने कहा कि प्रिया कपूर ने अदालत से संपत्ति की सही जानकारी छिपाई है और शक है कि यह पैसा विदेश भेज दिया गया है।
फार्महाउस में 50 से ज्यादा कीमती पेंटिंग्स मौजूद हैं: रानी
रानी कपूर के वकील ने अदालत में कहा, “यह घर (दिल्ली के रजोकरी इलाके में फार्महाउस) मेरे पति ने बनवाया था। वहां 50 से ज्यादा कीमती पेंटिंग्स हैं। संजय के पास न बीमा था, न किराये की कोई आय, न ही म्यूचुअल फंड। उनकी सैलरी 60 करोड़ रुपए थी, लेकिन खाते में सिर्फ 1.7 करोड़ रुपए क्यों हैं?”
वकील ने कोर्ट से कहा कि प्रिया कपूर और संजय कपूर दोनों की पिछले दो साल की संपत्ति की पूरी जानकारी मांगी जाए और अदालत अंतरिम आदेश देकर वर्तमान स्थिति को बनाए रखे (status quo) ताकि कोई बदलाव न हो।
उन्होंने आगे कहा, “मेरी मुवक्किल 80 साल की हैं और आज उन्हें बताया गया है कि उनके बेटे की वसीयत में उनका नाम तक नहीं है। जबकि उनके पति ने अपनी पूरी संपत्ति उन्हीं के नाम छोड़ी थी।”
रानी के वकील ने अदालत में कहा कि रानी कपूर को बेटे की वसीयत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर यह सच में संजय की अंतिम इच्छा होती, तो उसमें उनकी मां का नाम पूरी तरह कैसे गायब हो सकता था, जबकि संजय अक्सर कहते थे कि उन्हें जो कुछ मिला, वह अपनी मां की वजह से मिला।
रानी कपूर ने करिश्मा के बच्चों के दावे का समर्थन किया
गग्गर ने यह भी कहा कि रानी कपूर, करिश्मा कपूर (संजय की दूसरी पत्नी) के बच्चों के उस दावे का समर्थन कर रही हैं जिसमें कहा गया है कि प्रिया कपूर द्वारा पेश की गई वसीयत असली नहीं है।
उन्होंने कहा, “दोनों शादियां एक जैसी नहीं हैं। मैं अपने पति के साथ 40 साल रही, जबकि प्रिया सिर्फ 7 साल संजय के साथ थी। हमारी वसीयत रजिस्टर्ड थी, जिसके गवाह हमारे पुराने परिचित थे, जबकि प्रिया की वसीयत में गवाह खुद कह रहे हैं कि वे 2022 तक कंपनी से जुड़े ही नहीं थे।”
गग्गर ने आरोप लगाया कि संजय कपूर की मौत के बाद से ही प्रिया कपूर कंपनी ‘सोना कॉमस्टार’ और अन्य संपत्तियों पर कब्जा करने की कोशिश कर रही हैं।
अदालत अब इस मामले की अगली सुनवाई 3 दिसंबर को करेगी।
संजय कपूर की मौत 12 जून को लंदन में हुई थी। उनकी मौत के बाद से ही करीब 30,000 करोड़ रुपए की प्रोपर्टी को लेकर विवाद चल रहा है।

