Traffic month concludes in Kasganj, DM, M-SP felicitate | कासगंज में यातायात माह संपन्न, D,M-SP ने किया सम्मानित: 7938 वाहनों के चालान, 93 लाख रुपए शमन शुल्क वसूला गया – Kasganj News
अमित यादव (सौरभ) | कासगंज3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
कासगंज जनपद में रविवार को यातायात माह का समापन किया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन में एक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें जिलाधिकारी प्रणय सिंह, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार और सीओ आंचल चौहान सहित शहर के व्यापारी, स्कूली बच्चे और एनसीसी के छात्र उपस्थित रहे।
समापन कार्यक्रम के दौरान यातायात माह में सहयोग देने वाले कासगंज शहर के व्यापारियों को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त, यातायात माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों और जिले के टीआई लक्ष्मण सिंह को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पूरे माह चले इस अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 7938 वाहनों के चालान किए गए। साथ ही, 59 वाहनों को सीज किया गया और 93 लाख रुपये से अधिक का शमन शुल्क वसूला गया।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि यातायात माह का समापन केवल औपचारिक है। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का कार्य लगातार किया जाएगा।

