Tragic road accident in Karmatad, Jamtara | जामताड़ा के करमाटाड़ में दर्दनाक सड़क हादसा: पिकअप से आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार की मौत, हेलमेट नहीं पहनने से गई जान – Jamtara News
करमाटाड़ प्रखंड के दुलदुली मोड़ के पास रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, जामताड़ा से चित्रा की ओर जा रही एक पिकअप वैन और जामत
.
टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे सिर में गंभीर चोट आई और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।
मृतक देवघर का रहने वाला, पिकअप चालक फरार
मृतक की पहचान देवघर जिले के चुरुलिया पहरूडीह निवासी धीरण किस्कू (पिता जियाधन किस्कू) के रूप में हुई है। बताया गया कि हादसे के बाद पिकअप वैन का पिछला चक्का फट गया, जिससे वाहन आगे नहीं बढ़ सका।
इसी का फायदा उठाकर पिकअप चालक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन का रजिस्ट्रेशन नंबर JH15AF 4500 बताया गया है, जबकि मृतक की बाइक का नंबर JH21R 4087 है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मोड़ पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है।
पुलिस ने शव भेजा पोस्टमॉर्टम, जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही करमाटाड़ थाना प्रभारी चंदन कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को जब्त कर थाना लाया गया है। पुलिस ने बताया कि फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।
जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करें, ताकि इस तरह की जानलेवा घटनाओं से बचा जा सके।

