Trains arriving late for hours in Gorakhpur, passengers upset | गोरखपुर में घंटों लेट पहुंच रही ट्रेन, यात्री हुए बेहाल: गोरखधाम से गरीब रथ समेत 20 से अधिक ट्रेनें लेट – Gorakhpur News
गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर इन दिनों ट्रेनों की लगातार देरी से पहुंचने का सिलसिला जारी है। ठंड के मौसम में यह देरी यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। स्टेशन पर पहले से मौजूद यात्री घंटों तक कड़ाके की ठंड में ट्रेन का इंतजार करने को मजबूर हैं।
.
शुक्रवार को गोरखपुर पहुंचने वाली कई प्रमुख ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देर से पहुंचीं। सबसे ज्यादा देरी गोरखधाम एक्सप्रेस में देखी गई, जो अपने तय समय से करीब 9 घंटे देर से गोरखपुर स्टेशन पहुंची। इसके अलावा अवध एक्सप्रेस 6 घंटे से अधिक, अयोध्या धाम–भटनी पैसेंजर 4 घंटे से ज्यादा और बाघ एक्सप्रेस करीब 2 घंटे की देरी से पहुंची।
02563 बरौनी–नई दिल्ली विशेष ट्रेन अपने प्रारंभिक स्टेशन बरौनी से ही लगभग 14 घंटे की देरी से चली। वहीं 12203 गरीब रथ एक्सप्रेस करीब 7 घंटे और 12566 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस लगभग 2 घंटे की देरी से गोरखपुर पहुंची। कुल मिलाकर शुक्रवार को करीब 20 से अधिक ट्रेनें देरी से स्टेशन पहुंचीं।
प्लेटफार्म पर ठंड में बैठे रहे यात्री
लेट ट्रेनों के कारण स्टेशन पर यात्रियों की हालत खराब दिखी। कई यात्री अपने छोटे बच्चों और परिवार के साथ प्लेटफार्म पर ठंड में ट्रेन का इंतजार करते नजर आए। वहीं कुछ यात्री ट्रेन छूटने के डर से समय से पहले ही स्टेशन पहुंच गए थे और ठंड से बचने के लिए प्लेटफार्म पर नीचे बैठकर समय काटते दिखे।
यात्रियों का कहना है कि ट्रेनों की लगातार देरी से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने रेलवे प्रशासन से मांग की कि भीड़ और देरी को देखते हुए अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएं, ताकि यात्रियों को कुछ राहत मिल सके।
ठंड के कारण ट्रेनों की रफ्तार हुई कम
इस संबंध में रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घने कोहरे और ठंड के कारण ट्रेनों की गति में कमी आई है, जिसकी वजह से ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल अतिरिक्त पिट लाइन की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण एक्स्ट्रा ट्रेनें चलाना संभव नहीं है, जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन की सही स्थिति की जानकारी अवश्य लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

