UPPSC PCS 2024 Interview:यूपी पीसीएस इंटरव्यू शुरू, एसआईआर से लेकर अरावली खनन तक पूछे जा रहे सवाल
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में पीसीएस 2024 मेंस परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के इंटरव्यू आज से शुरू हो गए हैं. आयोग 887 पदों के लिए लिए इंटरव्यू आयोजित कर रहा है. वहीं इंटरव्यू सुबह 9 बजे से शुरू हुए. इसके लिए छह बोर्ड गठित किए गए है और प्रत्येक बोर्ड में चार से पांच एक्सपर्ट्स शामिल हैं. इंटरव्यू देकर बाहर निकलने वाले अभ्यर्थियों के अनुसार हर उम्मीदवार से करीब 15 से 20 मिनट तक सवाल-जवाब किए जा रहे हैं. इंटरव्यू में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर, अरावली की पहाड़ियों में खनन, अंतरजातीय विवाह और प्रशासनिक निर्णयाें से जुड़े सवाल बोर्ड की ओर से पूछे जा रहे हैं.
केस नंबर वन-1
UPPSC PCS का इंटरव्यू देकर बाहर आए महाराष्ट्र के अनमोल ने बताया कि उनका इंटरव्यू करीब 15 से 20 मिनट तक चला. उनके अनुसार इंटरव्यू में उनसे ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन से जुड़ें सवाल पूछे गए. अनमोल के अनुसार उनका उनका बैकग्राउंड मैकेनिकल इंजीनियरिंग का था, इसलिए इंजीनियरिंग से जुड़ें सवाल ज्यादा पूछे गए. इसके अलावा उनसे गवर्नेंस और पॉलिटिकल साइंस से भी सवाल हुए. उन्होंने बताया कि पैनल का रवैया सहयोगात्मक था और सकारात्मक माहौल में इंटरव्यू पूरा हुआ.
केस नंबर-2
अयोध्या के नवनीत तिवारी ने UPPSC PCS के इंटरव्यू को लेकर बताया कि उनके इंटरव्यू में करंट अफेयर्स से जुड़े सवाल ज्यादा पूछे गए. एसआईआर, सुप्रीम कोर्ट में चल रहे अरावली खनन मामले और खनन के प्रभाव पर भी सवाल पूछे गए. नवनीत तिवारी के अनुसार भूगोल का स्टूडेंट होने के कारण उनसे पर्यावरण और खनन के प्रभाव पर विस्तार से चर्चा की गई. इसके अलावा बुंदेलखंड में पानी की समस्या, वाटर हार्वेस्टिंग और वॉटर कंजर्वेशन से जुड़े सवाल पूछे गए. इसके साथ ही प्रशासनिक क्षमता को जांचने के लिए सिचुएशन बेस्ड सवाल भी पूछे गए. जैसे अगर सरकार ने विकास योजनाओं की घोषणा कर दी हो और आचार संहिता लागू हो जाए तो संतुलन कैसे बनाएंगे. वहीं अगर यदि एसडीएम रहते हुए अंतरजातीय विवाह से क्षेत्र में तनाव फैल जाए तो स्थिति को कैसे संभालेंगे और नाबालिग लड़की के विवाह की स्थिति में क्या कदम उठाएंगे इस पर भी सवाल पूछे गए.
केस नंबर-3
आजमगढ़ के लॉ स्टूडेंट नवनीत राय ने पहली बार UPPSC PCS का इंटरव्यू दिया है. हालांकि वह तीन बार मेंस परीक्षा दे चुके हैं. उन्होंने बताया कि करीब 20 मिनट तक उनका इंटरव्यू चला. उनके अनुसार उत्तर प्रदेश में ट्रांसपोर्ट की समस्याओं को लेकर सवाल पूछे गए. महिलाओं की शिक्षा को लेकर सवाल पूछे गए और हड़प्पा सभ्यता की विशेषताओं के बारे में सवाल पूछे गए. नवनीत राय के अनुसार हड़प्पा संस्कृति को वर्तमान संस्कृति से कैसे जोड़ सकते हैं इस पर भी उनसे सवाल पूछा गया. इसके अलावा भारत को 2047 तक विकसित बनाने के लिए आप क्या करेंगे इस पर सवाल पूछा गया.
इंटरव्यू की डेट और प्रक्रिया
आयोग के अनुसार UPPSC PCS 2024 के इंटरव्यू 16 फरवरी से 20 मार्च तक आयोजित किए जाएंगे. फरवरी महीने में 16, 17, 18, 19, 20, 21, 23, 24, 25, 26, 27 और 28 फरवरी को इंटरव्यू होंगे. जबकि मार्च में 9 से 14 मार्च और 16 से 20 मार्च तक लगातार इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे. वहीं सभी इंटरव्यू दो सत्रों में आयोजित किए जा रहे हैं. पहला सत्र सुबह 9:30 बजे और दूसरा सत्र दोपहर 2 बजे से आयोजित किया जा रहा है. उम्मीदवारों को इंटरव्यू शुरू होने से डेढ़ घंटा पहले आयोग के सरस्वती परिसर में रिपोर्ट करना अनिवार्य है.
पहले जारी हो चुका है मेंस का रिजल्ट
आपको बता दें कि यूपी लोक सेवा आयोग ने 4 फरवरी को पीसीएस 2024 मेंस का रिजल्ट घोषित किया था. आयोग ने 2719 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए पास घोषित किया है. पीसीएस मेंस की लिखित परीक्षा 29 जून 2025 से 2 जुलाई 2025 तक प्रयागराज और लखनऊ के परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी. मेंस परीक्षा में कुल 13,776 अभ्यर्थी शामिल हुए थे. पीसीएस संवर्ग के 24 प्रकार के पदों पर भर्ती की जानी है. वहीं कुल 947 पदों पर भर्ती होनी है. जिसमें 60 पदों पर केवल लिखित परीक्षा के आधार पर चयन होना है. इन पदों का परिणाम अंतिम चरण परिणाम के साथ घोषित किया जाएगा. इसके अलावा 887 पदों पर लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर चयन होना है. जिसके लिए इंटरव्यू की प्रक्रिया आज से शुरू कर दी गई है.
ये भी पढ़ें-UP Board Exams 2026: 10वीं और 12वीं परीक्षा से पहले सख्त हुई सुरक्षा, बोर्ड ने जारी की नई गाइडलाइंस
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI

