Woman gives birth to baby outside hospital | अस्पताल के बाहर महिला ने दिया बच्चे को जन्म: झाबुआ में हॉस्पिटल में कोई भी कर्मचारी नहीं मिला, लोग बोले- पहले भी ऐसा हो चुका – Jhabua News
झाबुआ जिले के मेघनगर अस्पताल के गेट के बाहर ही महिला ने बच्चे को जन्म दिया। अस्पताल में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। घटना बुधवार रात करीब 10 बजे मदरानी गांव की है। मरिया नाम की महिला को जब प्रसव पीड़ा शुरू हुई, तो परिवार वाले उसे तुरंत गांव के सरकारी अ
.
वहां उन्हें कोई डॉक्टर या नर्स नहीं मिली। वहां मौजूद चौकीदार ने साफ कह दिया कि अस्पताल में कोई नहीं है।
छुट्टी पर थीं नर्स, नहीं था कोई विकल्प
पता चला है कि वहां तैनात नर्स (ANM) 24 और 25 दिसंबर की छुट्टी पर थीं। नियम के मुताबिक, अगर कोई कर्मचारी छुट्टी पर जाता है, तो उसकी जगह किसी और की ड्यूटी लगाई जानी चाहिए। लेकिन विभाग ने ऐसी कोई व्यवस्था नहीं की थी। दर्द बढ़ने पर परिवार वालों को मजबूरी में अस्पताल के गेट के पास ही महिला का प्रसव कराना पड़ा।
मां और बच्चा दोनों सुरक्षित
बच्चे के जन्म के काफी देर बाद एम्बुलेंस मौके पर पहुंची, जिससे मां और नवजात बच्चे को थांदला के बड़े अस्पताल ले जाया गया। राहत की बात यह है कि मां और बच्चा दोनों ठीक हैं।
मामले की जानकारी मिलने पर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डॉ. विनोद नायक ने परिवार से बात की और घटना की रिपोर्ट बड़े अधिकारियों को भेजने की बात कही है।
समाजसेवी कमलसिंह डामोर ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि झाबुआ में ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, जहां एम्बुलेंस या इलाज न मिलने पर महिलाओं को सड़क या स्टैंड पर बच्चों को जन्म देना पड़ा।

