इटावा सफारी पार्क में दिखेंगे खुले में घूमते 4 शावक:पर्यटकों के लिए नया आकर्षण, सफारी प्रशासन ने किया शिफ्ट
इटावा सफारी पार्क आने वाले पर्यटकों के लिए जल्द ही एक नया आकर्षण जुड़ने जा रहा है। सफारी पार्क के लॉयन सफारी क्षेत्र में अब चार शेरों के शावक खुले में घूमते नजर आएंगे। सफारी प्रशासन ने इन चारों शावकों को ब्रीडिंग सेंटर से स्थानांतरित कर लॉयन एनिमल हाउस-1 में शिफ्ट कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार जल्द ही सप्ताह के निर्धारित दिनों में इन शावकों को लॉयन सफारी क्षेत्र में छोड़ा जाएगा, जिससे पर्यटक उन्हें प्राकृतिक वातावरण में देख सकेंगे। सफारी प्रशासन ने पार्क की पहचान को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रमुख लॉयन आवासों के नाम भी बदल दिए हैं। ब्रीडिंग सेंटर में अब तक सबसे अधिक शावकों को जन्म देने वाली शेरनी नीरजा के सम्मान में ब्रीडिंग सेंटर का नया नाम “नीरजा निवास” रखा गया है। वहीं, सबसे अधिक शावकों का पिता बनने वाले बब्बर शेर कान्हा के नाम पर लॉयन एनिमल हाउस-1 का नाम “कान्हा निवास” कर दिया गया है। इसके अलावा सफारी पार्क में सबसे पहले मां बनकर सफलतापूर्वक अपने शावकों का पालन-पोषण करने वाली शेरनी जैसिका के नाम पर लॉयन एनिमल हाउस-2 का नाम “जैसिका निवास” रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि इन प्रयासों का उद्देश्य सफारी पार्क को नई पहचान देना और पर्यटकों के बीच उसकी लोकप्रियता बढ़ाना है। सफारी प्रशासन ने यह भी बताया कि हाल ही में ब्रीडिंग सेंटर में स्थानांतरित की गई शेरनी सुधा और बब्बर शेर सिम्बा के बीच अच्छी बॉन्डिंग विकसित हो रही है। विशेषज्ञों के अनुसार दोनों के बीच जल्द ही प्रजनन (मेटिंग) होने की संभावना है, जिससे भविष्य में सफारी पार्क में शेरों की संख्या और बढ़ सकती है। इटावा सफारी पार्क के निदेशक डॉ. अनिल कुमार पटेल ने बताया कि सफारी में वन्यजीव संरक्षण, सफल प्रजनन और पर्यटकों के लिए बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार नए प्रयास किए जा रहे हैं।
Source link

