उबलकर गैस पर गिर जाता है दूध, ये ट्रिक आएगी आपके काम


रोजाना सुबह चाय या दूध गर्म करते समय एक समस्या लगभग हर घर में देखने को मिलती है. दूध जरा सी लापरवाही होते ही उबलकर बाहर गिर जाता है और पूरा गैस स्टोव गंदा हो जाता है. इससे न सिर्फ किचन साफ करने में समय लगता है, बल्कि दूध भी बर्बाद हो जाता है. लेकिन कुछ आसान ट्रिक्स अपनाकर इस झंझट से बचा जा सकता है.

क्यों उबलकर बाहर गिर जाता है दूध?

दूध में पानी, फैट और प्रोटीन होते हैं. जैसे ही दूध गर्म होना शुरू होता है, उसकी ऊपरी सतह पर एक मलाई की परत बनने लगती है. यह परत भाप को बाहर निकलने से रोकती है. इससे बर्तन के अंदर भाप और बुलबुले जमा होते रहते हैं और जब दबाव ज्यादा बढ़ जाता है तो दूध अचानक ऊपर उठकर बाहर गिर जाता है. ज्यादातर लोगों के साथ यह समस्या तब होती है जब वे दूध गर्म करते समय दूसरे काम में लग जाते हैं और स्टोव पर ध्यान नहीं दे पाते.

बड़े बर्तन का करें इस्तेमाल

दूध गर्म करने के लिए हमेशा ऐसा बर्तन चुनें जो दूध की मात्रा से कम से कम दोगुना बड़ा हो. छोटे बर्तन में दूध भरकर गर्म करने पर उसके उबलने और बाहर गिरने की संभावना ज्यादा रहती है. बड़े बर्तन में दूध को उबलने के लिए ज्यादा जगह मिलती है, जिससे वह आसानी से बाहर नहीं गिरता.

लकड़ी का चम्मच रखें बर्तन के ऊपर

यह एक पुरानी और बेहद असरदार ट्रिक है. दूध गर्म करते समय बर्तन के ऊपर एक लकड़ी का चम्मच आड़ा रखकर छोड़ दें. जब दूध ऊपर उठने लगता है, तो लकड़ी का चम्मच उसके बुलबुलों को फोड़ देता है, जिससे दूध बर्तन के अंदर ही रह जाता है और बाहर नहीं गिरता. यह तरीका बिना गैस के पास खड़े रहे भी काम करता है.

धीमी आंच पर गर्म करें

दूध को हमेशा मीडियम या धीमी आंच पर गर्म करना चाहिए. तेज आंच पर दूध बहुत जल्दी उबाल पर आ जाता है और उसे संभालने का समय नहीं मिल पाता. धीमी आंच पर दूध धीरे-धीरे गर्म होता है, जिससे उबाल आने का समय पहले से पता चल जाता है और समय रहते गैस बंद की जा सकती है.

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में ढहाया गया 200 साल पुराना गुरुद्वारा, किसने बनाया था इसे?

बर्तन में स्टील की कटोरी या चम्मच डालें

कुछ लोग बर्तन के अंदर एक उल्टी स्टील की कटोरी या बड़ा चम्मच डाल देते हैं. इससे दूध में उठने वाले बुलबुले बीच-बीच में टूटते रहते हैं और दूध का उबाल कंट्रोल में रहता है. यह ट्रिक खासतौर पर तब काम आती है जब एक साथ ज्यादा मात्रा में दूध गर्म करना हो.

गैस के पास ही रहें 

चाहे कोई भी ट्रिक अपनाई जाए, दूध गर्म करते समय पूरी तरह गैस से दूर जाना सही नहीं है. दूध में जैसे ही हल्की झाग बननी शुरू हो, आंच धीमी कर देनी चाहिए या कुछ देर के लिए गैस बंद कर देनी चाहिए. इससे दूध को संभालना आसान हो जाता है और उसके बाहर गिरने का खतरा भी कम हो जाता है.

यह भी पढ़ें: छोटा सा देश फिर भी कभी नहीं बना गुलाम, क्या खास है नेपाल में?



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!