ऊना में सड़क हादसे में 54 वर्षीय व्यक्ति की मौत:टक्कर मारकर बाइक सवार फरार, पंजाब के जालंधर के व्यक्ति की है मोटरसाइकिल
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के नैहरियां में एक सड़क दुर्घटना में 54 वर्षीय राहगीर की मौत हो गई। मोटरसाइकिल चालक ने सड़क किनारे खड़े व्यक्ति को टक्कर मारी और फिर बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान नौन, ऊना निवासी विजय (54 वर्ष) पुत्र गुरदास राम के रूप में हुई है। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार उसके मालिक का पता लगा लिया है। यह बाइक जालंधर पंजाब के व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है। सड़क किनारे खड़ा था तभी बाइक ने मारी टक्कर प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विजय कुमार नैहरियां में सड़क किनारे खड़े थे, तभी ज्वार की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार बाइक चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से विजय कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक चालक अपनी मोटरसाइकिल वहीं छोड़कर पीछे से आ रही एक गाड़ी में सवार होकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल विजय को तुरंत अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। बाइक के मालिक की हुई पहचान घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बाइक नंबर PB 08 EY 1578 की हुई जांच में पता चला है कि यह बाइक किशन चंद निवासी जालंधर, पंजाब के नाम से पंजीकृत है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया है और फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज का भी सहारा ले रही है। डीएसपी अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि की है।
Source link

