एक्साइज ड्यूटी घटाने से जनता को कोई लाभ नहीं-दीपक बैज:छूट का लाभ कंपनियों को, पेट्रोल-डीजल सस्ता होना चाहिए
पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि एक्साइज कम करने के बावजूद आम जनता को इसका कोई सीधा फायदा नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने डीजल को विशेष एक्साइज से मुक्त किया है और पेट्रोल पर 10 रुपए की छूट दी है, लेकिन इसके बावजूद बाजार में कीमतों में अपेक्षित कमी नजर नहीं आ रही। बैज का आरोप है कि इस कटौती का लाभ पेट्रोलियम कंपनियों को मिल रहा है, न कि आम उपभोक्ताओं को। उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कोरोना काल के दौरान पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में भारी बढ़ोतरी की गई थी, जिससे सरकार ने हजारों करोड़ रुपए का मुनाफा कमाया। अब जब हालात चुनौतीपूर्ण हैं, तो उसी राशि से जनता को राहत दी जानी चाहिए। दीपक बैज ने यह भी कहा कि भाजपा नेता इस मुद्दे पर बयानबाजी कर लोगों में भ्रम फैला रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि आम आदमी को अभी तक कोई राहत नहीं मिली है।
केंद्र सरकार ने पेट्रोल डीजल पर घटाई एक्साइज ड्यूटी सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में 10-10 रुपए की कटौती कर दी है। पेट्रोल पर ड्यूटी ₹13 रुपए प्रति लीटर से घटाकर ₹3 रुपए, जबकि डीजल पर ₹10 से शून्य कर दी गई है। एक्साइज ड्यूटी घटाकर पेट्रोल-डीजल के दामों को स्थिर रखा गया है। यूएस-इजराइल के साथ ईरान की जंग के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम 70 डॉलर से बढ़कर 110 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गए हैं। इससे तेल कंपनियों को 30 रुपए प्रति लीटर तक घाटा हो रहा था। घाटा कवर करने के लिए तेल कंपनियां दाम बढ़ा सकती थीं।
Source link

