कोडरमा घाटी में रिफाइन से भरा टैंकर पलटा:तेल लूटने के लिए ग्रामीणों में मची होड़, प्लास्टिक डिब्बे और बर्तनों में भरकर ले गए तेल




कोडरमा जिले के सदर थाना क्षेत्र में रिफाइन से भरा टैंकर पलट गया। हादसा कोडरमा घाटी में मेघातरी स्थित काली मंडा के पास ढलान वाले मोड़ पर हुआ। टैंकर के पलटते ही उसमें भरा रिफाइन तेल सड़क किनारे बहने लगा। हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। चालक को बचाने के बजाय तेल लूटने की होड़ मच गई। टैंकर चालक शुख नैन सिंह ने बताया कि वह हल्दिया से रिफाइन लेकर बिहार जा रहा था। काली मंडा के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने टैंकर को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान टैंकर चालक ने दूसरे ट्रक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नियंत्रण खो दिया और टैंकर सड़क किनारे पलट गया। प्लास्टिक डिब्बे और बर्तनों में भरकर ले गए तेल टैंकर के पलटने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। कुछ ग्रामीणों ने टैंकर के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला। इसके बाद लोग अपने हाथों में प्लास्टिक के डिब्बे, स्टील और एल्युमिनियम के बर्तन लेकर टैंकर से रिफाइन तेल भरने लगे। मौके पर पुलिस की मौजूदगी नहीं होने के कारण करीब आधे घंटे तक तेल लूटने का सिलसिला चलता रहा। सड़क से गुजर रहे राहगीर भी ग्रामीणों की इस हरकत को देखकर हैरान होते रहे। कई लोग हंसते हुए आगे बढ़ गए। हादसे में घायल चालक बेबस होकर अपना सामान और तेल लुटता देखता रहा। इस दौरान किसी ने टैंकर से तेल लूटने से लोगों को रोकने की कोशिश नहीं की। सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद कोडरमा थाना की पेट्रोलिंग गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस पहुंचते ही भागे ग्रामीण पुलिस की गाड़ी पहुंचते ही तेल लूट रहे ग्रामीण मौके से भाग गए। पुलिस ने पलटे हुए टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया और घायल चालक को इलाज के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेजा। पुलिस अब टैंकर से तेल लूटने वाले लोगों की पहचान करने में जुटी है। इसके लिए घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों और घटना के दौरान बनाए गए वीडियो की भी जांच कर रही है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मुख्य मार्ग पर भी लोगों की भीड़ जमा रही। चालक के अनुसार, पीछे से आ रहे ट्रक को बचाने के दौरान टैंकर का संतुलन बिगड़ा था। पुलिस अब दूसरे ट्रक और उसके चालक के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!