चाकूबाजी के घायल को इलाज के लिए घंटों भटकाया:परिजनों ने जबलपुर के विक्टोरिया अस्पताल पर लगाए लापरवाही के आरोप
जबलपुर के शासकीय विक्टोरिया अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली एक बार फिर सामने आई है। मदन महल थाना क्षेत्र में चाकूबाजी में घायल 20 वर्षीय युवक को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, लेकिन परिजनों का आरोप है कि घंटों इंतजार के बाद भी उपचार शुरू नहीं किया गया। बाद में स्टाफ ने ऑपरेशन के लिए डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर उसे दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दे दी। लूट के विरोध में चाकू मारकर किया घायल जानकारी के अनुसार मदन महल थाना क्षेत्र में रविवार शाम करीब 7 बजे लूट के इरादे से बदमाशों ने 20 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन तत्काल शासकीय विक्टोरिया अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज के बजाय इंतजार, फिर दूसरे अस्पताल भेजा परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में घायल युवक को लंबे समय तक बैठाए रखा गया और उसका इलाज शुरू नहीं किया गया। काफी देर बाद केवल प्राथमिक पट्टी बांधकर स्टाफ ने डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने का हवाला देते हुए किसी अन्य अस्पताल में इलाज कराने की सलाह दे दी। परिजनों ने अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि वार्ड में एक बेड पर छत से पानी टपक रहा था, जिससे अस्पताल की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। मुलाहजा रिपोर्ट नहीं बनाई, मेडिकल कॉलेज में भी हुई देरी परिजनों का आरोप है कि विक्टोरिया अस्पताल में घायल युवक की मुलाहजा रिपोर्ट (मेडिको-लीगल रिपोर्ट) भी तैयार नहीं की गई, जबकि यह पुलिस जांच और आगे के उपचार के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज होता है। इसके बाद जब घायल को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया तो वहां भी मुलाहजा रिपोर्ट नहीं होने के कारण करीब दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इस पूरी प्रक्रिया के चलते युवक का उपचार देर रात करीब दो बजे शुरू हो सका। पिता ने जताई नाराजगी, अस्पताल ने दिया अलग पक्ष घायल युवक के पिता आलोक सोनी ने इलाज में हुई देरी पर नाराजगी जताते हुए अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। वहीं, विक्टोरिया अस्पताल में देर रात ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ का कहना है कि युवक को भर्ती कर लिया गया था, लेकिन परिजन उसे अपनी इच्छा से दूसरे अस्पताल ले गए।
Source link

