तरनतारन में धान की कटाई शुरू:पराली जलाने पर रोक; चीफ एग्रीकल्चर ऑफिसर बोले- किसानों को जागरूक करने के लिए गांवों में लगेंगे कैंप
तरनतारन जिले में धान की कटाई शुरू हो गई है। चीफ एग्रीकल्चर ऑफिसर डॉ. तेजबीर सिंह भंगू ने बताया कि आने वाले दिनों में पूरे जिले में धान की कटाई जोर पकड़ लेगी। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) और एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन, नई दिल्ली की ओर से धान की पराली जलाने पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। पंजाब सरकार ने सितंबर के पहले 10 दिनों में किसानों को पराली न जलाने के लिए जागरूक करने का विशेष अभियान चलाने और जिले के प्रत्येक गांव में कैंप लगाने के निर्देश दिए हैं। डिप्टी कमिश्नर राहुल के निर्देशों पर वर्ष 2026 के लिए पराली मैनेजमेंट का पूरा प्लान तैयार किया गया है। गांवों में लगाया जा रहा जागरूकता कैंप इस अभियान के तहत गांवों में जागरूकता कैंप लगाए जा रहे हैं। इनमें किसानों को पराली प्रबंधन की तकनीकी जानकारी देने के साथ इसके उचित निपटारे के तरीकों के बारे में बताया जा रहा है। इसके अलावा ब्लॉक स्तर पर कैंप, आशा वर्करों के कैंप, स्कूली बच्चों की प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक और वॉल पेंटिंग जैसी गतिविधियां करवाई जाएंगी। कैंपों में सरपंचों और नंबरदारों को भी शामिल किया जा रहा है। किसानों को पराली नहीं जलाने की शपथ दिलाई जा रही है। साथ ही नशे के खिलाफ अभियान के तहत किसानों को ड्रग्स के दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। डॉ. भंगू ने बताया कि खडूर साहिब ब्लॉक में सबसे पहले धान की कटाई शुरू होती है। इसी के चलते कृषि अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर अधिक से अधिक जागरूकता गतिविधियां चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
Source link

