नंदन-कानन एक्सप्रेस में महिला को नशीला लड्डू खिलाया:10 माह का बच्चा चोरी, इटावा जीआरपी की दो टीमें जांच में लगी
दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग पर चलने वाली नंदन कानन एक्सप्रेस में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। अलीगढ़ से झारखंड जा रही महिला यात्री को नशीला लड्डू खिलाकर बेहोश किया गया और उसके 10 माह के मासूम बच्चे को चोरी कर लिया गया। घटना के बाद रेलवे प्रशासन और जीआरपी में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और बच्चे की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। पीड़िता के मुताबिक अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र की रहने वाली मुन्नी बेगम पत्नी राजू 14 जनवरी दिन में नंदन कानन एक्सप्रेस से अलीगढ़ रेलवे जंक्शन से झारखंड के कोडरमा स्थित अपने मायके जा रही थी। यात्रा के दौरान हरे स्वेटर पहने एक युवक ने महिला से बातचीत शुरू की और भरोसे में लेकर उसे लड्डू खाने को दिया। लड्डू खाते ही महिला बेहोश हो गई और इसी दौरान आरोपी उसके 10 माह के मासूम बेटे इब्राहिम को लेकर फरार हो गया। यह पूरी घटना चलती ट्रेन में हुई। नंदन कानन एक्सप्रेस जब मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो महिला को हल्का होश आया। होश में आते ही उसे अपने बच्चे के गायब होने का पता चला। महिला के रोने और शोर मचाने पर रेलवे अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद मिर्जापुर राजकीय रेलवे पुलिस थाने में बच्चे के चोरी होने का जीरो मुकदमा दर्ज किया गया। घटना ट्रेन यात्रा के दौरान होने के कारण जांच इटावा जीआरपी को सौंप दी गई। इटावा जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बच्चे और आरोपी की तलाश में दो टीमें लगाई गई हैं। इटावा से लेकर मिर्जापुर तक रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मुन्नी बेगम मूल रूप से झारखंड के कोडरमा की रहने वाली है और वह अपने मायके से अपने बड़े बच्चे को लाने जा रही थी। उसका पति अलीगढ़ में मजदूरी करता है। चोरी हुए बच्चे के अलावा महिला के तीन और बच्चे हैं। मासूम बेटे के चोरी हो जाने से महिला का रो रोकर बुरा हाल है। इटावा जीआरपी थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है और जल्द ही बच्चे को बरामद कर लिया जाएगा। मामला मिर्जापुर जिले से हमारे यहां भेजा गया है, हमारी दो टीमें इस घटनाक्रम के खुलासे में लगी हैं।
Source link

