पानी के खाली बर्तन लेकर हाईवे पर बैठीं महिलाएं:बोलीं-15 दिन से पेयजल सप्लाई नहीं हो रही; दो घंटे तक समझाते रहे अधिकारी
जालोर में पानी की सप्लाई नहीं होने से परेशान ग्रामीणों ने रविवार को ओटवाला गांव के पास जालोर-सायला हाईवे जाम कर दिया। महिलाएं पानी के बर्तन लेकर सड़क पर बैठ गईं। ग्रामीणों ने बताया कि पीने और घरेलू जरूरत के लिए 600-700 रुपए में टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। करीब दो घंटे चले प्रदर्शन के बाद जलदाय विभाग और प्रशासन के अधिकारियों ने खरल स्थित ट्यूबवेल से वैकल्पिक जलापूर्ति शुरू कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। देखें … प्रदर्शन की तस्वीरें हर 6-7 दिन में मंगवाना पड़ रहा टैंकर महिलाओं ने बताया कि घरों में पानी नहीं आने से पीने और घरेलू उपयोग के लिए निजी टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। एक टैंकर पर 600 से 700 रुपए खर्च होते हैं। कई परिवारों को हर छह-सात दिन में टैंकर डलवाना पड़ता है। इससे परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। पानी की व्यवस्था करने में काफी समय भी लग रहा है, इसके बावजूद जरूरत के मुताबिक पानी नहीं मिल पा रहा। गर्मियों में हर साल रहती है पानी की समस्या ग्रामीण महिलाओं के अनुसार, क्षेत्र में पानी की किल्लत नई समस्या नहीं है। पिछले चार-पांच साल से खासकर गर्मी के दिनों में उन्हें नियमित जलापूर्ति के लिए परेशान होना पड़ता है। इस बार करीब 15 दिन से सप्लाई बंद रहने के कारण परेशानी और बढ़ गई है। महिलाओं का कहना है कि पानी की व्यवस्था करने में उनका काफी समय चला जाता है। कृषि बेरों तक पाइपलाइन से पानी पहुंचने का आरोप प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सायला के ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ कृषि बेरों पर पाइपलाइन से पानी लेकर खेती की जा रही है, जबकि घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा। उन्होंने ऐसे मामलों की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने 181 हेल्पलाइन और मुख्यमंत्री कार्यालय में भी शिकायतें की हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। अधिकारियों के आश्वासन पर खुला रास्ता मार्ग जाम होने की सूचना पर जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता रामगोपाल मीणा, सायला तहसीलदार और सायला थाने का पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत की और खरल स्थित ट्यूबवेल से पानी की आपूर्ति शुरू कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और रास्ता खोल दिया गया। प्रदर्शन सुबह करीब 9 बजे शुरू हुआ था और करीब 11 बजे के बाद समाप्त हुआ। गुजरात से नर्मदा नहर का पानी 10 दिन से बंद जलदाय विभाग के जेईएन रामगोपाल मीणा ने बताया – गुजरात से नर्मदा नहर का पानी करीब 10 दिन से बंद है। इस कारण तैतरोल से होने वाली जलापूर्ति प्रभावित हुई और विभाग के पास उपलब्ध पानी भी खत्म हो गया। उन्होंने बताया कि खरल स्थित ट्यूबवेल से क्षेत्र में वैकल्पिक जलापूर्ति शुरू कराई गई है। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार नर्मदा से पानी की आपूर्ति बहाल होने में करीब 10 दिन और लग सकते हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि तब तक क्षेत्र में नियमित वैकल्पिक जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।
Source link

