प्राकृतिक फूलों से सजाया जा रहा बाबा मंदिर:कोलकाता से मंगवाए गए हैं गेंदा, गुलाब, नीली रोजमेरी समेत कई सुगंधित फूल
विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 की पहली सोमवारी को लेकर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस बार मंदिर को पूरी तरह प्राकृतिक फूलों से सजाया जा रहा है, जिससे इसकी आध्यात्मिक आभा और भव्यता और अधिक निखरेगी। खास बात यह है कि सजावट में किसी भी प्रकार के कृत्रिम फूलों का उपयोग नहीं किया जा रहा है। मंदिर प्रशासन ने पश्चिम बंगाल से विशेष किस्म के फूल और बेलपत्र मंगवाए हैं, जिनसे मंदिर के शिखर, मुख्य द्वार और पूरे परिसर को आकर्षक रूप दिया जा रहा है। प्राकृतिक सजावट से श्रद्धालुओं को एक अलग ही दिव्य अनुभव मिलने की उम्मीद है। गेंदा, गुलाब, नीली रोजमेरी समेत कई सुगंधित फूल मंदिर प्रभारी प्रबंधक रमेश परिहार ने बताया कि पहली सोमवारी को ध्यान में रखते हुए मंदिर को भव्य और आकर्षक रूप देने की विशेष तैयारी की गई है। सजावट कार्य में जुटे माली सुनील कुमार ने जानकारी दी कि उनकी टीम पिछले दो दिनों से लगातार काम में लगी हुई है। इस बार गेंदा, गुलाब, नीली रोजमेरी के साथ-साथ अन्य सुगंधित फूलों का उपयोग किया जा रहा है। जिससे पूरा मंदिर परिसर महक उठेगा। भगवान शिव को प्रिय बेलपत्र से भी विशेष रूप से सजावट की जा रही है। फूलों की इन विभिन्न किस्मों का संयोजन मंदिर को न केवल सुंदर बनाएगा, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक वातावरण को और सशक्त करेगा। पहली सोमवारी पर उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब सावन की पहली सोमवारी को लेकर बाबा नगरी में भक्तिमय माहौल चरम पर है। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलार्पण के लिए देवघर पहुंच रहे हैं। प्राकृतिक फूलों से सजा मंदिर इस बार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा। प्रशासन और मंदिर प्रबंधन को उम्मीद है कि पहली सोमवारी पर भक्तों को भक्ति, आस्था और सौंदर्य का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। साथ ही, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम भी किए गए हैं, ताकि सभी को सहज और दिव्य अनुभव मिल सके।
Source link

