बोकारो में सड़क हादसे में युवक की मौत:खड़े ट्रेलर से बाइक की टक्कर से हुआ हादसा, मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों ने NH-32 जाम किया




बोकारो के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र में NH-32 पर सीधावनी के पास शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसे में 35 साल के महादेव सिंह चौधरी की मौत हो गई। वह बंगाल से बाइक से अपने घर अमडीहा लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में महादेव गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पिंडराजोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें चास के के एम मेमोरियल अस्पताल ले गई। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही शनिवार को परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। ग्रामीणों ने प्रशासन पर समय पर नहीं पहुंचने का आरोप लगाया। इसके बाद, मृतक के परिवार को मुआवजा और सरकारी सहायता देने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने NH-32 पर सड़क जाम कर दिया। पिंडराजोरा थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि हिट एंड रन मामले में सरकारी प्रावधान के तहत करीब चार लाख रुपये मुआवजे का नियम है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और ग्रामीणों से बातचीत कर जाम हटवाया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!