रेड-सिग्नल पर 3 लोगों को कुचलने वाला गिरफ्तार:नशे में चला रहा था गाड़ी, 2 की मौत, पहले भी जा चुका है जेल

रेड-सिग्नल पर 3 लोगों को कुचलने वाला गिरफ्तार:नशे में चला रहा था गाड़ी, 2 की मौत, पहले भी जा चुका है जेल




दुर्ग के सुपेला थाना क्षेत्र स्थित चंद्रा मौर्य चौक में रविवार दोपहर तेज रफ्तार कार ने रेड सिग्नल पर खड़े दोपहिया वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 16 साल के नूर खान और मनोहर कुमार गोनाडे की मौत हो गई, जबकि सलीम अली गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज निजी अस्पताल में जारी है, लेकिन हालत नाजुक है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी कार चालक सागर जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे की हालत में कार चला रहा था। उस पर पहले से भी नशे के कारोबार और नशा करने से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी को चिट्टा के साथ वैशाली नगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा उसके खिलाफ मोहन नगर थाना में अपराध क्रमांक 460/2025 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के अंतर्गत मामला भी दर्ज है। गर्मी की छुट्टियों में सीख रहा था AC रिपेयरिंग का काम यह हादसा 17 मई की दोपहर करीब 2:38 बजे का है। काले रंग की फोर्ड इकोस्पोर्ट कार (CG-07-BR-0571) चालक सागर जायसवाल दुर्ग से रायपुर की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार तेज रफ्तार में थी। चालक ने रेड सिग्नल की अनदेखी करते हुए सिग्नल पर खड़े वाहनों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और लोग कई फीट तक घिसटते चले गए। हादसे में सुपेला के साक्षरता चौक निवासी नूर खान की मौके पर ही मौत हो गई। वह पिछले चार-पांच दिनों से अपने मौसा सलीम अली के साथ एसी रिपेयरिंग का काम सीखने जा रहा था। रविवार को भी वह अपने मौसा के साथ स्कूटी से काम पर निकला था। दोपहर में हादसे की सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने नूर खान को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में मनोहर कुमार गोनाडे की भी मौत हो गई। घायल सलीम की हालत नाजुक, एक दिन पहले ही हुई थी बेटी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल सलीम अली की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। परिवार के पास बेहतर इलाज के लिए पर्याप्त पैसे नहीं हैं। रिश्तेदार जनप्रतिनिधियों से मदद की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सहायता नहीं मिल सकी है। बताया जा रहा है कि हादसे से एक दिन पहले ही सलीम के घर बेटी का जन्म हुआ था। उनकी पत्नी अस्पताल में भर्ती थी, तभी परिवार को एक्सीडेंट की सूचना मिली। रिश्तेदारों के मुताबिक, डॉक्टरों ने सलीम की हालत अब भी खतरे से बाहर नहीं बताई है। गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज पुलिस ने आरोपी सागर जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हादसे में इस्तेमाल की गई फोर्ड कार और उससे जुड़े दस्तावेज भी जब्त कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। सुपेला थाना में सागर के खिलाफ धारा 105, 125(ए), 128 बीएनएस और 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने सिग्नल के भरोसे छोड़ा चौक इधर, शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस केवल चालान काटने तक ही सीमित नजर आ रही है। चंद्रा-मौर्या चौक पर ट्रैफिक पुलिस के जवान कभी तैनात नहीं रहते। इस चौक को पूरी तरह सिग्नल के भरोसे छोड़ दिया गया है। ट्रैफिक पुलिस के जवान चालान काटने के लिए तय प्वाइंट्स पर मुस्तैदी से तैनात रहते हैं, लेकिन चौक-चौराहों की निगरानी नहीं होने से वाहन चालकों में ट्रैफिक नियमों का डर खत्म होता जा रहा है। वहीं, सुपेला क्षेत्र में शाम होते ही डंपर जैसे भारी वाहन भी बेखौफ आवाजाही करते नजर आते हैं, लेकिन इस ओर ट्रैफिक पुलिस का ध्यान नहीं है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!